
शाजापुर, जब आगर, शाजापुर में शामिल था, तो संपूर्ण शाजापुर जिले में भाजपा की राजनीति में गेहलोत गुट सिरमोर था. चाहे आगर हो, सुसनेर हो, शाजापुर हो या शुजालपुर हो. पूर्व सांसद थावरचंद गेहलोत के समर्थकों की अच्छी फौज थी. यही कारण है कि राजनीति से लगभग सेवानिवृत्ति के इस पड़ाव पर उनका नागरिक अभिनंदन का आयोजन शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने रखा और लंबे समय बाद एक ही मंच पर शाजापुर और आगर जिले के पूर्व विधायक से लेकर वर्तमान विधायक, संगठन के पूर्व पदाधिकारी, वर्तमान पदाधिकारी और उनके कार्यकाल के समय के कार्यकर्ता गेहलोत के स्वागत के लिए एक मंच पर आए.
गौरतलब है कि भाजपा यूं तो गुटों में बटी हुई है, लेकिन लंबे अरसे बाद शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने पूरी भाजपा को एक मंच पर लाकर खड़ा कर दिया. अवसर था कर्नाटक के पूर्व राज्यपाल थावरचंद गेहलोत के नागरिक अभिनंदन का. आगर के भाजपा के पूर्व विधायक, वर्तमान और पूर्व पदाधिकारी, शाजापुर जिले के लगभग सभी पूर्व विधायक, संगठन के पदाधिकारी, वर्तमान विधायक और मंत्री व कार्यकर्ता मंच पर मौजूद थे. या यूं कहें कि तीन दशक वाली भाजपा की तस्वीर मंच पर देखने को मिली. करणसिंह यादव से लेकर वर्तमान अध्यक्ष तक, गोपाल परमार से लेकर फूलचंद वेदिया और सभी पूर्व विधायक मौजूद थे. शाजापुर जिले की बात करें, तो फूलसिंह मेवाड़ा से लेकर जसवंत सिंह हाड़ा आदि मंच पर नजर आए. इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रवि पांडे, भाजपा नगर अध्यक्ष आशीष नागर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम जैन, उपाध्यक्ष संतोष जोशी, पूर्व विधायक जसवंत सिंह हाड़ा, विधायक घनश्याम चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर महामंत्री गोविंद नायक, विकास सिंदल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे. अभिनंदन का वाचन महेश भावसार ने किया. संचालन जुगल नाहर ने किया. सांफा मंडल अध्यक्ष हरिओम गोठी ने बांधा. कार्यक्रम का आभार पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष मनोहर विश्वकर्मा ने माना.
भाजपा के सभी पुराने-नए जनप्रतिनिधि एक साथ एक ही मंच पर आए नजर
विधायक अरुण भीमावद ने थावरचंद गेहलोत का नागरिक अभिनंदन करके भाजपा के सभी नए-पुराने नेताओं को एक मंच पर एक कतार में बैठा दिया. ये थावरचंद गेहलोत की व्यक्तिगत छवि कहें कि उनके आगमन पर शाजापुर-आगर जिले के उनके कार्यकाल के समय के कार्यकर्ता, विधायक, संगठन के पदाधिकारी, उनके स्वागत के लिए शाजापुर आए. अरुण भीमावद का यह कार्यक्रम इसलिए भी चर्चा में है कि भाजपा में पहली बार बीते तीन दशकों में आगर-शाजापुर के सभी पूर्व विधायक, वर्तमान विधायक, पूर्व जिलाध्यक्ष, वर्तमान जिलाध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष, वर्तमान मंडल अध्यक्ष, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष और भाजपा के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे.
