नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को दालों और खाद्य तेलों के भावों में अच्छी खासी तेजी दर्ज की गयी। गेहूं और चावल के भाव में भी हल्की से औसत दर्जे की तेजी का रुख देखा गया।
चीनी और गुड़ के भाव में भी तेजी रही। खाद्य तेलों में सोयाबीन तेल को छोड़ कर बाकी तेलों में 11 रूपये से लेकर 77 रुपये क्विंटल तक की तेजी दर्ज की गयी। पाम आयल सबसे अधिक 77 रुपये चढ़ा हुआ था जबकि मूंगफली में 11 रुपये की तेजी दिखी।
दलों में तूर 63 रुपये कड़क हो गयी जबकि अन्य दालों के भाव 34 से लेकर 40 रुपये तक चढ़े हुए थे। गेहूं का भाव तेजी की धारणा के साथ करीब करीब पिछले दिन के स्तर पर बना रहा लेकिन साधारण चावल में 44 रुपये की तेजी देखी गयी। आटा प्रति क्विंटल 12 रुपये तेज था।
चीनी के भाव में 71 रुपये और गुड़ में 18 रुपये की तेजी दर्ज की गयी।