
शाजापुर, दीपोत्सव पर्व बीतने के साथ ही अब सर्दी ने दस्तक दे दी है. इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिन और रात के तापमान में दोगुना अंतर है. दिन का तापमान जहां 30 डिग्री दर्ज किया गया तो रात का तापमान 15 डिग्री से भी नीचे जा चुका है. मौसम विभाग की माने तो दो से तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है.
नवंबर आधा बीतने के साथ ही गर्मी का मौसम भी अब बिदाई की बेला में नजर आ रहा है. कुछ दिन पहले तक जहां लोग दोपहर में जहां गर्मी से परेशान हो रहे थे तो शाम को ठंडक का एहसास हो रहा था. लेकिन दो दिनों से मौसम पूरी तरह सर्द होता दिखाई दे रहा है. गुरूवार को भी नगर का अधिकतम तापमान 30.4 व न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि 17 नवंबर से दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है.
सर्द हवा, करा रही ठंडक का एहसास
अभी भी दिन में हालांकि तीखी धूप जरूर खिल रही है, लेकिन ठंडी हवा के चलते गर्मी का असर कम हो रहा है. गुरूवार को भी हवाओं की गति में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई. इस दिन 14 किमी की रफ्तार से दिनभर उत्तर पूर्वी हवाएं चलती रही जिसके चलते लोगों को ठंडक का एहसास हुआ.
