
सीधी। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी के मार्गदर्शन में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के क्रम में थाना जमोड़ी की पहल पर शराब के नशे में वाहन चलाकर दुर्घटना कारित करने वाले चालक का ड्राइविंग लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित कराया गया है। दिनांक 24 अक्टूबर 2026 की रात्रि लगभग 12:05 बजे पनवार हायर सेकेंडरी स्कूल के पास वाहन क्रमांक एमपी 19 जेडआर 0109 के चालक कमलेश कुमार यादव द्वारा शराब के नशे में वाहन चलाते हुए सड़क दुर्घटना कारित की गई थी। दुर्घटना में एक किया कार एवं एक बोलेरो वाहन में सवार दो व्यक्तियों को गंभीर चोटें आई थीं। घटना के संबंध में थाना जमोड़ी में अपराध क्रमांक 587/26, धारा 281, 125(ए) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 185, 184 मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। वाहन चालक का जिला चिकित्सालय में परीक्षण कराए जाने पर शराब के सेवन की पुष्टि हुई थी। प्रकरण में थाना जमोड़ी पुलिस द्वारा वाहन चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जाने हेतु दिनांक 02 नवंबर 2026 को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, जिला सीधी को प्रतिवेदन भेजा गया। प्रतिवेदन एवं संबंधित अभिलेखों के परीक्षण तथा कारण बताओ नोटिस की प्रक्रिया के उपरांत क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा दिनांक 05 नवंबर 2026 को आदेश जारी कर चालक कमलेश कुमार यादव का ड्राइविंग लाइसेंस क्रमांक एमपी 1720200003222 दिनांक 05 नवंबर 2026 से 05 फरवरी 2027 तक, कुल तीन माह की अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक केदार परोहा एवं प्रधान आरक्षक आजाद खान की सराहनीय भूमिका रही।
