देवास मंडी में मुहूर्त के सौदों ने भरे उत्साह के रंग, लाल चना सबसे महंगा बिका

देवास। दीपावली के अवकाश के बाद गुरुवार को कृषि उपज मंडी में मुहूर्त के सौदे हुए। व्यापारियों ने उत्साह के साथ ऊंचे भाव में बोली लगाई। इस बार सबसे अधिक भाव लाल चना का रहा। यह 15 हजार रुपए से अधिक के भाव में बिका। सुबह से ही व्यापारियों में मुहूर्त के सौदों को लेकर उत्साह नजर आया। व्यापारी वर्ग परंपरागत वेशभूषा में उपस्थित हुए। पूजन-अर्चन एवं आतिशबाजी के साथ अनाज की बोली प्रारंभ हुई। इस दौरान किसानों का उत्साह भी नजर आया। हालांकि दिनभर में आवक सामान्य ही रही।

गुरुवार को मंडी में नए व्यापारिक वर्ष का आगाज उत्साह के साथ हुआ। फूलों से सजे प्रतिष्ठानों ने इस आयोजन को खास बना दिया। उपज लेकर आए किसानों का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। व्यापारियों और किसानों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। मुहूर्त के सौदों में अन्य उपज के भाव भी आकर्षण का केंद्र रहे। मुहूर्त के इन भावों को लेकर मंडी में मौजूद किसानों और व्यापारियों में उत्साह दिखाई दिया। व्यापारियों ने प्रांगण क्रमांक एक में स्थित मां अन्नपूर्णा मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही आतिशबाजी की गई। ढोल के साथ व्यापारी नीलामी स्थल तक पहुंचे।

ज्वार की उपज से हुई शुरुआत-

इस बार शुरुआत ज्वार की बोली से की गई। मंडी में ज्वार से भरी गाड़ी लेकर पहुंचे थे बांगरदा के किसान कैलाशचंद्र। सबसे ऊंची बोली पितृेश्वर ट्रेडिंग कंपनी ने लगाई। यह 12 हजार 251 रुपए क्विंटल में बिकी। अधिक भाव मिलने से किसान में भी उत्साह नजर आया। व्यापारियों व अन्य किसानों सहित मंडी कर्मचारियों ने ताली बजाकर किसान का उत्साह बढ़ाया। किसान का पुष्पहार पहनाकर स्वागत भी किया गया। ज्वार की खरीदी के बाद पीला सोना सोयाबीन, गेहूं, चना, मक्का के मुहूर्त की शुरुआत हुई। अच्छे भाव मिलने से किसानों में उत्साह नजर आया।

सोयाबीन 8585 रुपए प्रति क्विंटल बिकी-

मुहूर्त सौदों के दौरान सिंगावदा के किसान लखन आर्य की सोयाबीन की बोली लगाई गई। इसे पवन ट्रेडिंग कंपनी के पवन अग्रवाल ने सर्वाधिक 8585 रुपए प्रति क्विंटल की दर पर खरीदी। करीब 10 क्विंटल सोयाबीन की खरीदी मुहूर्त में की। किसान लखन का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।

गेहूं की बोली 5151 रुपए लगी-

मुहूर्त के सौदों में ग्राम खटांबा के किसान भारत सिंह गेहूं लेकर पहुंचे। हीरा इंटरनेशनल लिमिटेड के शरद अग्रवाल ने 5151 रुपए प्रति क्विंटल की सर्वाधिक बोली लगाकर गेहूं की खरीदी की। उन्होंने 8 क्विंटल गेहूं खरीदा। मौके पर किसान का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। दीपावली अवकाश के बाद मंडी में गुरुवार को व्यापारिक गतिविधियां शुरू हुईं। परंपरा के अनुसार सबसे पहले मां अन्नपूर्णा देवी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद व्यापारियों ने एक-दूसरे को दीपावली और नए व्यापारिक वर्ष की शुभकामनाएं दीं। मंडी में मुहूर्त के दौरान सबसे अधिक भाव लाल चना का रहा। यह 15701 रुपए क्विंटल के हिसाब से मंगल ट्रेडर्स ने खरीदा। डॉलर चना 10370 रुपए क्विंटल बिका। इसे एक्सल एग्री फर्म ने खरीदा। जबकि मक्का 4251 रुपए क्विंटल में कृष्णा ट्रेडर्स ने खरीदी। गुरुवार को दिनभर में मंडी में कुल आवक 11 हजार 964 क्विंटल रही। आगामी दिनों में मंडी में आवक बढ़ने की उम्मीद है।

हीरा इंटरनेशनल लिमिटेड के शरद अग्रवाल ने कहा कि मुहूर्त के सौदों की परंपरा किसान और व्यापारी के बीच भरोसे और आत्मीयता का प्रतीक है। हमारी कामना है कि नए व्यापारिक वर्ष का पहला सौदा जिस तरह अच्छे भाव से हुआ है, उसी तरह पूरे साल किसानों को उपज का उचित दाम मिलें और व्यापार में निरंतर तरक्की हो। किसान खुशहाल रहेगा तो मंडी और व्यापार दोनों समृद्ध होंगे। इस अवसर पर मंडी सचिव अरविंद परिहार, प्रांगण प्रभारी महेंद्र मांडोरिया सहित व्यापारी, किसान और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Next Post

जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य शुरू

Thu Nov 12 , 2026
इंदौर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आज 12 से मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण-2027  कार्य शुरू हो हो गया। इसके तहत इंदौर जिले की सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। जिले में 11 दिसंबर तक मतदाता नाम जुड़वाने, संशोधन करने के आवेदन कर […]

You May Like