
इंदौर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आज 12 से मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण-2027 कार्य शुरू हो हो गया। इसके तहत इंदौर जिले की सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। जिले में 11 दिसंबर तक मतदाता नाम जुड़वाने, संशोधन करने के आवेदन कर सकेंगे।
आज कलेक्टर कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक रखी गई। बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता और मतदान केंद्रों की सूची का वितरण किया गया। बैठक में मतदाता सूची के प्रकाशन, मतदाता केंद्रों के युक्तियुक्तकरण तथा पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई।
जिले की सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 3,209 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें देपालपुर में 358, इंदौर-1 में 387, इंदौर-2 में 356, इंदौर-3 में 202, इंदौर-4 में 325, इंदौर-5 में 437, महू में 362, राऊ में 403 तथा सांवेर में 379 मतदान केंद्र शामिल हैं। वर्तमान में जिले की मतदाता सूची में कुल 25 लाख 36 हजार 870 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 12 लाख 75 हजार 964 पुरुष, 12 लाख 60 हजार 810 महिला तथा 96 अन्य मतदाता शामिल हैं। जिले का जेंडर रेशियो 988 है।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत श्रीवास्तव और मुख्य मास्टर ट्रेनर डॉ.आर. के. पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
11 दिसम्बर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां
निर्वाचन आयोग के अनुसाद आज से 11 दिसम्बर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने तथा अन्य दावे-आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसम्बर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। नाम जुड़वाने के लिए फार्म 6 के साथ घोषणा पत्र नहीं लिया जाएगा ।
