मुंबई, 04 मई (वार्ता) इस्पात क्षेत्र की कंपनी जिंदल स्टेनलेस को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में समेकित आधार पर 834 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो एक साल पहले की तुलना में 41.4 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी के सोमवार को घोषित वित्तीय परिणामों के अनुसार, गत 31 मार्च को समाप्त तिमाही में उसका शुद्ध राजस्व 11.2 प्रतिशत बढ़कर 11,337 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। उसका परिचालन लाभ 37.1 फीसदी बढ़ा और 1,455 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
निदेशकमंडल ने प्रति इक्विटी शेयर चार रुपये के लाभांश की भी घोषणा की है।
जिंदल स्टेनलेस के प्रबंध निदेशक अभ्युदय जिंदल ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 कंपनी के लिए काफी अच्छा रहा। इसके पीछे मजबूत घरेलू मांग और विभिन्न सेक्टरों में स्टेनलेस स्टील का इस्तेमाल बढ़ना महत्वपूर्ण कारक रहे।
चौथी तिमाही के दौरान कंपनी ने 64,174.3 करोड़ टन रहा। यह सालाना आधार पर 1.2 प्रतिशत कम है। कंपनी ने बताया कि पूरे वित्त वर्ष के दौरान उसे समेकित आधार पर 3,185 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ जो 27.4 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दिखाता है। इस दौरान उसका शुद्ध राजस्व 9.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 42,955 करोड़ रुपये रहा।
