मुंबई, 04 मई (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में सोमवार को 39 पैसे टूट गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.23 रुपये का बोला गया।
रुपया पहली बार 95 प्रति डॉलर के नीचे बंद हुआ है। हालांकि बीच कारोबार में इसका अबतक का निचला स्तर 95.3450 रुपये प्रति डॉलर है जो 30 अप्रैल को दर्ज किया गया था।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा चार पैसे की मजबूती के साथ 94.84 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपये पर आज शुरू से ही दबाव रहा। यह 11 पैसे गिरकर 94.95 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। सुबह के कारोबार में यह 94.80 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत भी हुआ, लेकिन इसके बाद लगातार टूटता हुआ 95.2550 रुपये प्रति डॉलर तक उतर गया। अंत में यह 95.23 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफपीआई) के भारतीय पूंजी बाजार से पैसा निकालने से रुपये पर दबाव रहा। एफपीआई ने आज करीब 70 करोड़ डॉलर की शुद्ध निकासी की।
कच्चे तेल में दो प्रतिशत से अधिक की तेजी और दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के सूचकांक में डॉलर की मजबूती से भी रुपया कमजोर हुआ। कच्चे तेल का मानक लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा फिलहाल 110 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गया है।
