नयी दिल्ली, 4 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधान सभा चुनावों में लगे चुनाव कर्मियों और सुरक्षा कर्मियों तथा चुनाव आयोग को देश के ‘लोकतंत्र की गरिमा’ बनाये रखने में उनके योगदान के लिए बधाई दी है ओर कहा कि उनका योगदान इतिहास में दर्ज हो गया है।
श्री मोदी ने असम, केरल, तमिलनाडु , पश्चिम बंगाल और केंद्र शासित क्षेत्र पुडुेचरी विधान सभा चुनावों की सोमवार को हुई मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत पर शाम पार्टी मुख्यालय में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए चुनाव आयोग, चुनाव कार्य को शांतिपूर्ण और स्वतंत्र रूप से कराने के लिए लगे सरकारी कर्मियों और सुरक्षाकर्मियों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा, ‘ मैं आज चुनाव आयोग को, चुनाव आयोग के सभी कर्मचारी भाई-बहनों को, मतदान प्रक्रिया से जुड़े सारे कर्मियों का और विशेष तौर पर सुरक्षा बलों का भी बहुत बहुत अभिनंदन करता हूं।’
श्री मोदी ने कहा , ‘ भारत के लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखने में आप सबका योगदान इतिहास हमेशा याद रखेगा।”
उल्लेखनीय है कि तीन चरणों में 9 अप्रैल, 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को कराये गये इन पांच विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल में छिटपुट हिंसा की घटनाओं को छोड़ कर मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ। पश्चमि बंगाल में भी तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव में कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की मौत हो गयी थी।
