
शुजालपुर। नेशनल हाईवे 752 सी पर क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर सडक़ दुर्घटना हुई. एक दुर्घटना तलेन मार्ग पर हुई, जिसमें स्कूटी पर सवार महिला की मृत्यु हो गई. उधर, आष्टा मार्ग पर होटल तनिषी के समीप शुक्रवार सुबह दो चार पहिया वाहन आमने सामने टकरा गए. इस दुर्घटना में एक 77 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई साथ ही चार घायल हो गए, जिसमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है. पचोर शुजालपुर मार्ग पर एक्टिवा को एक कार ने गुरुवार शाम को टक्कर मारी, मिली जानकारी अनुसार लक्ष्मी पत्नी संतोष मीणा निवासी पांगरी जिला सीहोर अपनी छोटी बहन के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए तलेन के समीप धुंआखेड़ी गांव आई थी, जहां से अपनी बहन के साथ शुजालपुर खरीदारी करने के बाद एक्टिवा से वापस गांव जा रही थी. इसी दरमियान तलेन मार्ग पर कार ने टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में लक्ष्मी को गंभीर चोट आने से मृत्यु हो गई, साथ ही बहन भी गंभीर रूप से घायल हुई.
कांच टूटने के बाद बाहर गिरा चालक
वहीं आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर शुक्रवार की सुबह भीषण सडक़ हादसा हुआ, बता दें इस हाईवे पर किशोनी जोड़ के समीप मार्ग की चौड़ाई कम हो जाती है. जहां पर अक्सर हादसे होते है. आष्टा तहसील के गोंदी गांव से विवाह समारोह में शामिल होने के लिए ग्रामीण शुजालपुर आ रहे थे, सुबह लगभग 8 बजे इन ग्रामीणों का वाहन सामने आ रही मारुति वेन से सीधे टकराया, इस दुर्घटना में बद्रीप्रसाद परमार पिता बावलजी परमार 77 वर्ष निवासी गोंदी की मृत्यु हो गई, उधर मुकेश परमार, देवीलाल परमार व ज्ञान सिंह घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायलों में मुकेश परमार को पैरों में गंभीर चोट आई. कार से टकराने वाली मारुति वेन को कृष्णानगर कॉलोनी शुजालपुर निवासी दूध व्यवसायी मजहर लाला पिता मसूद चला रहा था और शुजालपुर से गांवों में दूध लेने के लिए जा रहा था. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मजहर लाल कार के सामने के शीशे टूटने के बाद सडक़ काफी दूर तक घिसटाता रहा. दूध व्यवसायी मजहर लाल के दोनों पैर में गंभीर चोट होने के साथ ही हालत नाजुक बताई जा रही है. पुलिस ने इस मामले में दुर्घटना का मामला दर्ज किया.
