
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए तीन आईपीएस अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं की हैं। जारी आदेश के अनुसार आईपीएस अधिकारी आशुतोष बागरी को बुरहानपुर जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि हाल ही में बुरहानपुर के तत्कालीन एसपी देवेंद्र पाटीदार का तबादला झाबुआ किया गया था, जिसके बाद यह पद रिक्त चल रहा था।
सरकार ने राकेश सगर को डीआईजी द्वितीय बटालियन ग्वालियर से पुलिस मुख्यालय में डीआईजी पद पर पदस्थ किया है। वहीं विदिता डागर को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर से स्थानांतरित कर द्वितीय बटालियन ग्वालियर में कमांडेंट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक बदलाव को पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
