22 लाख की संजीवनी क्लिनिक 3 साल से बंद : भवन में लगा है ताला, न संसाधन मुहैया हुए न स्टॉफ

नेपानगर। शहर के बीच लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले, इस उद्देश्य से पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में 22 लाख रुपये की लागत से संजीवनी क्लिनिक बनाई गई। 3 साल से भवन बनकर तैयार है, तभी नगर पालिका ने स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर भी कर दिया है। यहां बिजली का मीटर भी लग चुका है,लेकिन 3 साल बाद भी क्लिनिक शुरू नहीं हो सकी। तब से भवन पर आज भी ताला लटका है। देखरेख के अभाव में भवन खंडहर में बदल रहा है।

परिसर में बड़ी बड़ी झाडिय़ां उग आई हैं। गंदगी पसरी है। खिड़कियों के कांच फोड़ दिए गए हैं। दरवाजे, खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो रही हैं। रात के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है।

विभागीय अफसरों का कहना है कि स्टाफ की नियुक्ति उच्च स्तर से होना है, संसाधन जुटा,जा रहे हैं। दूसरी ओर शहर से दूर तहसील कार्यालय के सामने शिफ्ट किया गया। नया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी सिर्फ रेफर सेंटर बनकर रह गया है। तीन साल पहले इसे यहां शिफ्ट किया गया था।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी:- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नाक, कान, गला, हड्डी रोग,स्त्री रोग सहित किसी भी विशेषज्ञ डॉक्टर की पदस्थापना नहीं है। मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद बुरहानपुर रेफर कर दिया जाता है। सिविल अस्पताल का दर्जा देने की मांग भी लंबे समय से लंबित है। विधायक मंजू दादू दो बार सीएम और स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर चुकी हैं, लेकिन अब तक दर्जा नहीं मिला।

शहर से लेकर गांव तक की आबादी परेशान  

शहर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काफी दूर है। इसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को आर्थिक रूप से खर्च उठाना पड़ता है। अगर संजीवनी क्लिनिक खुल जाए तो शहर में ही लोगों को सुविधा मिल सकती है, लेकिन इस तरफ ध्यान नही दिया जा रहा है।

यह की जा रही मांग:- लोगोंं की मांग है कि जल्द संजीवनी क्लिनिक का संचालन शुरू करना चाहिए। यहां डॉक्टरों की स्थापना कर संसाधन मुहैया कराया जाना चाहिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी स्टाफ , संसाधन की काफी कमी है। यहां भी सुविधाएं जुटाने की मांग की जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल अस्पताल का दर्जा दिए जाने की मांग की जा रही है। अगर सिविल अस्पताल का दर्जा मिलता है तो उसी स्तर की सुविधाएं यहां जल्द मिल सकती है।

Next Post

जनजातीय गौरव सप्ताह : भाजपा ने जनजातीय समाज को सम्मान देने का संकल्प पूरा करके दिखाया 

Thu Nov 12 , 2026
बुरहानपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के उपलक्ष्य में 11 से 18 नवंबर तक पूरे प्रदेश में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाएगी। इस दौरान भाजपा संगठन, प्रदेश सरकार और जनजातीय समाज मिलकर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय नायकों के शौर्य, संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली विरासत […]

You May Like