इस्लामाबाद, 11 नवंबर (वार्ता) पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान को आंखों के इलाज के लिए अदियाला जेल से इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज अस्पताल ले जाया गया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार 10 और 11 नवंबर की रात रावलपिंडी की अदियाला जेल से अस्पताल लाया गया। उनका इलाज कर रहे नेत्र रोग विशेषज्ञ की सलाह पर मेडिकल चेक-अप और आंखों की जांच की। उनकी शारीरिक स्थिति और रक्तचाप आदि सामान्य और स्थिर पाए गए। श्री खान की सहमति और मानक प्रोटोकॉल के पालन के बाद डॉक्टरों ने उन्हें दवाई दी और तड़के लगभग ढाई बजे उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ छुट्टी दे दी गयी।
पीटीआई अध्यक्ष बैरिस्टर गोहर अली खान ने कहा कि पार्टी को इस जांच की जानकारी मीडिया रिपोर्टों के जरिए मिली। उन्होंने मांग दोहराई कि इमरान खान को पूरी मेडिकल जांच के लिए इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में भेजा जाए। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने 18 अगस्त 2026 को अपने आदेश में श्री खान को शिफा इंटरनेशनल अस्पताल भेजने और उनके निजी चिकित्सक तथा परिवार के एक सदस्य को शामिल करते हुए एक मेडिकल बोर्ड गठित करने का निर्देश दिया था, लेकिन लगभग तीन महीनों से इस आदेश का पालन नहीं किया गया है।
उल्लेखनीय है कि इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। उनकी दाहिनी आंख में ‘सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लुजन’ नामक रोग की समस्या जनवरी के अंत में सामने आई थी। गत 18 अगस्त को शीर्ष अदालत ने सरकार को उन्हें शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया था, लेकिन सुरक्षा स्थिति का हवाला देते हुए सरकार ने उन्हें अस्पताल में ही दिखाया और वापस जेल भेज दिया। इस मामले पर पीटीआई ने सरकार पर अदालत के आदेशों की अवहेलना करने का आरोप लगाया है।
