नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर (वार्ता) डिजिटल वित्तीय सेवा प्रदान करने वाली कंपनी पेटीएम को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 225 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ हुआ है।
पेटीएम की प्रवर्तक कंपनी वन 97 कम्युनिकेशन्स ने सोमवार को वित्तीय परिणामों की घोषणा की। कंपनी की एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि तिमाही के दौरान उसका समेकित राजस्व एक साल पहले के मुकाबले 28 प्रतिशत बढ़कर 2,648 करोड़ रुपये हो गया। उसने कहा है कि 2,000 रुपये से अधिक के यूपीआई भुगतान पर दिवाली के बाद प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिकाउंट रेट (एमडीआर) से राजस्व और मुनाफा बढ़ेगा, लेकिन यह कारोबार का आधार नहीं होगा।
कंपनी ने बताया कि वह भुगतान आधारित वित्तीय सेवा वितरण और एआई डिफ्यूजन मॉडल तैयार कर रही है।
तिमाही के दौरान इस पेटीएम प्लेटफॉर्म पर कारोबार 26 प्रतिशत सालाना बढ़कर 7.1 लाख करोड़ रुपये हो गया। वहीं प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत व्यापारियों की संख्या एक साल में 27 लाख बढ़कर 1.64 करोड़ पर पहुंच गई।
तिमाही के दौरान कंपनी ने प्लेटफॉर्म के विस्तार के लिए निवेश 27 फीसदी बढ़ाकर 369 करोड़ रुपये किया। कुल परोक्ष व्यय 14 प्रतिशत बढ़कर 1,064 करोड़ रुपये रहा।
