भविष्य के युद्ध की चुनौतियों से निपटने के लिए सेना में बदलाव जरूरी: जनरल सेठ

नयी दिल्ली, 11 नवंबर (वार्ता) सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने कहा है कि भविष्य की युद्ध चुनौतियों से निपटने के लिए सेना को आधुनिक प्रौद्योगिकी, नवाचार, तेजी से बदलती परिस्थितियों के अनुरूप ढलने और तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल पर ध्यान देना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेना का बदलाव केवल आधुनिक हथियारों और संगठनात्मक सुधारों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सैनिक को केंद्र में रखना भी जरूरी है।

जनरल सेठ ने बुधवार को यहां मानेकशॉ सेंटर में मैकेनाइज्ड फोर्सेज सिम्पोजियम 2026 में ‘भारतीय उपमहाद्वीप में भविष्य के युद्ध ‘ विषय पर अपने संबोधन में यह बात कही। दो दिन के सम्मेलन का आयोजन कैवेलरी ऑफिसर्स एसोसिएशन ने मैकेनाइज्ड फोर्सेज महानिदेशालय के सहयोग से किया है।

सेना प्रमुख ने एकीकरण को भविष्य के युद्ध की अहम जरूरत बताते हुए तीनों सेनाओं और विभिन्न युद्ध क्षेत्रों के बीच निर्बाध समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने स्वदेशी सैन्य क्षमता के विकास और उद्योग तथा शिक्षण संस्थानों के साथ साझेदारी के जरिए आत्मनिर्भरता बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी दोहरायी।

उन्होंने मैकेनाइज्ड फोर्सेज के विकास को सेना की बदलती परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने की क्षमता का उदाहरण बताया और भविष्य के युद्ध में उनकी अहम भूमिका पर भरोसा जताया।

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में ‘आर्मर 2040: स्टील, सिलिकॉन एंड द फ्यूचर बैटलस्पेस’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया। इसके लेखक लेफ्टिनेंट जनरल एबी शिवाने (सेवानिवृत्त) हैं। मैकेनाइज्ड फोर्सेज के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल प्रीत पाल सिंह ने अपने मुख्य वक्तव्य में प्लेटफॉर्म आधारित सैन्य क्षमता से एकीकृत, नेटवर्क आधारित और स्वायत्त युद्ध प्रणाली की ओर बढ़ने की जरूरत बतायी।

सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्वायत्त हथियार प्रणालियों, मानव रहित प्रणालियों के साथ सैनिकों की संयुक्त भूमिका, ड्रोन युद्ध और अगली पीढ़ी की युद्ध प्रणालियों पर चर्चा होगी। सम्मेलन का समापन गुरुवार को’भारतीय मैकेनाइज्ड फोर्सेज 2035′ विषय पर चर्चा के साथ होगा।

 

 

Next Post

सूक्ष्म इकाइयों के लिए ऋण गारंटी निधि की अवधि मार्च 2031 तक बढ़ी

Wed Nov 11 , 2026
नयी दिल्ली, 11 नवंबर (वार्ता) सरकार ने सूक्ष्म इकाइयों के लिए ऋण गारंटी निधि की अवधि मार्च 2021 तक पांच साल के लिए बढ़ा दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बुधवार को हुई बैठक में इससे संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी। इस योजना के […]

You May Like