सुकमा, 11 नवंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने नक्सलियों द्वारा लगाए गए दो शक्तिशाली विस्फोटक उपकरण (आईईडी) को नष्ट कर बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों आईईडी का वजन 10-10 किलोग्राम बताया गया है।
बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलाकोंडा कैंप के कोंडापल्ली इलाके में नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से ये विस्फोटक उपकरण लगाए थे। सीआरपीएफ की 228वीं वाहिनी के जवानों ने क्षेत्र में अभियान के दौरान दोनों आईईडी का पता लगाया और उन्हें सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
यह कार्रवाई सीआरपीएफ की 228वीं वाहिनी के प्रभारी कमांडेंट बिपिन कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। जवानों की सतर्कता और मुस्तैदी से संभावित बड़ी घटना टल गई।
उल्लेखनीय है कि बस्तर संभाग में नक्सल विरोधी अभियानों के साथ ही नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए आईईडी की तलाश और उन्हें निष्क्रिय करने का अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। सुरक्षा बल विशेष रूप से संवेदनशील और दूरस्थ इलाकों में विस्फोटक उपकरणों का पता लगाकर उन्हें नष्ट करने की कार्रवाई कर रहे हैं, ताकि जवानों और स्थानीय ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
