छतरपुर: जिले के बिजावर तहसील क्षेत्र में केन–बेतवा लिंक परियोजना के विरोध में चल रहे आंदोलन ने मंगलवार देर रात उग्र रूप ले लिया। डूब क्षेत्र में आने वाले गांवों के आदिवासी ग्रामीण पिछले कई दिनों से उचित मुआवजे की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं। मंगलवार रात करीब 12 बजे प्रशासन द्वारा प्रदर्शनकारियों को हटाने के प्रयास के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और हल्का लाठीचार्ज किया।
कार्रवाई के विरोध में कुछ ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने पुलिस पर पत्थरबाजी भी की, जिससे करीब एक घंटे तक दोनों पक्षों के बीच टकराव की स्थिति बनी रही। हालांकि इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
इससे पहले ढोढन बांध निर्माण स्थल पर ग्रामीण महिलाओं ने पहुंचकर निर्माण कार्य बंद करा दिया था और कर्मचारियों को वहां से खदेड़ दिया था। वहीं आंदोलन का समर्थन कर रहे समाजसेवी अमित भटनागर को लोगों को उकसाने के आरोप में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।मंगलवार सुबह हजारों ग्रामीणों और महिलाओं ने बिजावर तहसील का घेराव कर परियोजना के विरोध और समाजसेवी की रिहाई की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
