नयी दिल्ली, 11 नवंबर (वार्ता) पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ (75) की बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने और अचेत होकर गिर जाने के बाद यहां के प्रमुख अस्पताल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया।
सूत्रों के अनुसार, सुबह सैर के दौरान श्री धनखड़ अचानक गिर पड़े और कुछ मिनटों तक अचेत रहे। घटना के तुरंत बाद उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी उन्हें पुलिस पीसीआर वाहन से उनके आवास ले गए। एक मेडिकल टीम और एम्स के डॉक्टर ने उनकी शुरुआती जांच की और चिकित्सा सहायता दी हालांकि, उनकी खराब सेहत को देखते हुए उन्हें एम्बुलेंस से एम्स ले जाया गया।
पूर्व उपराष्ट्रपति को एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है। खबर लिखे जाने तक अस्पताल प्रशासन की ओर से उनके स्वास्थ्य के संबंध में कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया था।
गौरतलब है कि श्री धनखड़ पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इससे पहले मार्च 2025 में सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें एम्स के क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी। इसके अलावा जून 2025 में नैनीताल स्थित कुमाऊं विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान भी वे अचानक अचेत हो गए थे। इस वर्ष जनवरी में भी अपने आवास पर वॉशरूम जाते समय वे दो बार अचेत हुए थे।
उल्लेखनीय है कि जगदीप धनखड़ अगस्त 2022 से 21 जुलाई 2025 तक भारत के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में कार्यरत रहे। उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
