
मंडला। ग्रामीण क्षेत्रों में माइक्रो फाइनेंस लोन के नाम पर महिलाओं से करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बिछिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक मंडला को प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना बिछिया में मामला पंजीबद्ध किया गया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
ग्रामीणों द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार सुखचैन उद्दे निवासी खमरोटी एवं उसके साथियों द्वारा गांव-गांव जाकर महिलाओं के स्वयं सहायता समूह बनवाए गए और उन्हें माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से एक से अधिक लोन लेने के लिए प्रेरित किया गया। महिलाओं को यह विश्वास दिलाया गया कि लोन की रकम आरोपियों को सौंपने पर उन्हें “खर्चा-पानी” मिलेगा और बीमा की राशि उनके बैंक खाते में जमा होगी। साथ ही यह वादा किया गया कि लोन की किश्तें आरोपी खुद चुकाएंगे।
हालांकि, लोन की राशि हड़पने के बाद आरोपियों ने किश्तें चुकाने से मना कर दिया, जिससे ग्रामीण महिलाओं पर भारी वित्तीय बोझ आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मंडला ने थाना प्रभारी बिछिया को जांच के निर्देश दिए।
गहन जांच के दौरान पीड़ित हितग्राही महिलाओं, संबंधित बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कथन लिए गए। जांच में यह सामने आया कि सुखचैन उद्दे व उसके साथियों ने लगभग ₹76,90,516 की ठगी की है। इस पर थाना बिछिया में अपराध क्रमांक 238/25 धारा 318(4), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
