श्योपुर। त्योहार के बीच ग्राम पंचायत दोर्द के जाटव मोहल्ले में बिजली विभाग की 11 केवी लाइन टूटकर गिरने से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से तीन-चार किसानों की बाजरे की रखी हुई करब जलकर खाक हो गई। हादसे में किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, जाटव मोहल्ले में अचानक 11 केवी बिजली लाइन टूटकर नीचे गिर गई। बिजली के तार से निकली चिंगारी ने पास में रखी बाजरे की करब को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और किसानों की मेहनत से तैयार की गई फसल जलकर राख हो गई।
त्योहार के दौरान हुई इस घटना ने बिजली विभाग की रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिजली लाइनों का समय पर रखरखाव और निरीक्षण किया जाता तो किसानों को इस नुकसान से बचाया जा सकता था।आगजनी की घटना से प्रभावित किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके पर पटवारी एवं राजस्व अधिकारियों को भेजकर नुकसान का सर्वे कराने और पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। किसानों की सालभर की मेहनत आग की भेंट चढ़ गई।
