सिंगरौली। कोतवाली थाना क्षेत्र बैढ़न के ग्राम बरहपान में मकान गिरने की दर्दनाक घटना में विश्वकर्मा परिवार के तीन सदस्यों की असामयिक मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। घायलों का जिला अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर एवं सिंगरौली हॉस्पिटल बैढ़न में उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह जिला अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर और सिंगरौली हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने उपचाररत घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और इलाज की जानकारी ली। साथ ही मृतकों के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने भी घोषित की आर्थिक सहायता
बरहपान हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ट्वीट कर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं जिला प्रशासन की ओर से भी मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये और घायलों को 25-25 हजार रुपये की सहायता देने का ऐलान किया गया है। इस प्रकार शासन और प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को आर्थिक संबल देने की पहल की गई है।
