सतना । दीपावली के ठीक अगले दिन मनाए जाने वाले परिवा के पर्व पर शहर में परंपरा का अनूठा रंग देखने को मिला। स्थानीय परंपरा के अनुसार परिवा के दिन लोग अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान और दुकानें बंद रखते हैं, साथ ही अत्यधिक आवश्यक कार्य न होने पर घरों से बाहर निकलने से भी बचते हैं। इसी लोक-परंपरा के चलते मंगलवार परिवा को शहर के मुख्य बाजारों और व्यापारिक केंद्रों में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा और शहर की सड़कों पर चहल-पहल बेहद कम नजर आई।
आम दिनों में गुलजार रहने वाले शहर के मुख्य बाजार जैसे स्टेशन रोड, पन्नीलाल चौक, बैंक कॉलोनी, रीवा रोड और मुख्य चौपाटी के साथ अन्य इलाके दिनभर शांत रहे। व्यापारियों ने परंपरा का निर्वहन करते हुए अपनी दुकानें पूरी तरह बंद रखीं। शहरवासियों ने भी इस दिन को अपने परिवार के साथ घर पर ही बिताना उचित समझा, जिसके कारण सड़कों पर वाहनों की आवाजाही न के बराबर रही। सार्वजनिक परिवहन और रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर पूरा शहर एक शांत और आत्मीय माहौल में डूबा नजर आया।
शाम ढलते ही चहल-पहल हुई शुरू
दिनभर की खामोशी के बाद, जैसे ही शाम ढली और गोवर्धन पूजा का अनुष्ठान पूरा हुआ, शहर की रफ्तार एक बार फिर पटरी पर लौटती दिखी। शाम के समय शहर की कुछ चुनिंदा दुकानें और खान-पान के ठिकाने खुले। इसके बाद बाजारों और सड़कों पर लोगों की हल्की आवाजाही शुरू हो गई, जो देर रात तक जारी रही। शाम की इस हल्की रौनक ने त्योहार के उल्लास को और बढ़ा दिया, जहां लोग एक-दूसरे से मिले और दीपावली की बधाइयों का सिलसिला आगे बढ़ाया।
