आस्था का पर्व गाय गोहरी उत्साह और उमंग के साथ मनाया 

झाबुआ. मध्यप्रदेश के आदिवासी अंचलों झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बड़वानी सहित उज्जैन में दीपावली के दूसरे दिन अर्थात नववर्ष पड़वा पर परंपरागत रूप से गाय गोहरी का पर्व मनाया जाता है। गाय गोहरी का अर्थ है गायों के पैरों के नीचे लेटकर मन्नत पूरी करने की परंपरा। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन पूजा से भी जुड़ा हुआ है।

दीपावली के अवसर पर आदिवासी समाज के लोग और किसान अपने पशुधन को खूब सजाते-संवारते हैं। इस अवसर पर गायों और बैलों के शरीर पर रंग-बिरंगी चित्रकारी की जाती है तथा रंगों के छापे लगाए जाते हैं। उनके सींगों को रंगा जाता है और गले में घुंघरू एवं घंटियां बांधी जाती हैं। सींगों के बीच मोर पंख भी लगाए जाते हैं। इसके बाद गायों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उन्हें पौष्टिक आहार खिलाया जाता है।

झाबुआ शहर में स्थानीय गोवर्धननाथ मंदिर परिसर में सुबह से ही गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाया गया तथा उसकी पूजा-अर्चना की गई। शाम करीब 4 बजे से गाय गोहरी का पर्व प्रारंभ हुआ। ग्वाले और आसपास के ग्रामीण अपनी गायों को सजाकर मंदिर परिसर में लेकर पहुंचे। मंदिर के पुजारी झांझ-मंजीरे और ठपली बजाते हुए भजन गाकर आगे चल रहे थे। उनके साथ नगर के बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिलाएं भी भजन गाते हुए चल रहे थे। इनके पीछे सजी-धजी गायों का झुंड चल रहा था।

गायों के आगे मन्नतधारी श्रद्धालु जमीन पर औंधे मुंह लेट जाते हैं और उनके ऊपर से गायों को निकाला जाता है। इस दौरान मंदिर की पांच से सात परिक्रमा लगाई जाती हैं। इस अनूठी परंपरा को देखने के लिए नगर के लोगों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

गाय गोहरी के दौरान काफी शोर-शराबा और उत्साह का माहौल रहता है। कई बार भीड़ और आवाजों के कारण गायें विचलित होकर भागने लगती हैं, जिन्हें ग्वाले नियंत्रित करते हैं। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में आज तक किसी मन्नतधारी के गायों के पैरों से गंभीर रूप से कुचले जाने की घटना सामने नहीं आई है। मन्नतधारियों की मान्यता है कि गाय में भगवान का वास होता है और गाय माता के समान पूजनीय है। गाय के खुरों का शरीर पर स्पर्श होने से व्यक्ति और उसके परिवार को बीमारी एवं रोगों से मुक्ति मिलती है। इस अवसर पर मन्नतधारियों का साफा बांधकर सम्मान भी किया जाता है।

पूर्व में गाय गोहरी के अवसर पर लोग एक-दूसरे पर आमने-सामने रामबाण चलाते थे तथा जमकर आतिशबाजी भी की जाती थी। लेकिन लगभग दो दशक पहले गाय गोहरी के दौरान दो संप्रदायों के बीच विवाद होने और नगर में धारा 144 लागू किए जाने की घटना के बाद प्रशासन ने आतिशबाजी की परंपरा पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद आज भी इस पर्व को लेकर लोगों में अपार आस्था, उत्साह और उमंग देखने को मिलती है।

मंदिर के परिक्रमा मार्ग पर गाय गोहरी शुरू होने से पहले ही लोगों की भारी भीड़ जमा हो जाती है। सड़कों और घरों की छतों पर खड़े होकर भी लोग इस अनूठे आयोजन को देखते हैं। नगर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग इस परंपरा के साक्षी बनने पहुंचते हैं। हालांकि कभी-कभार कुछ लोग पटाखे भी चला देते हैं। आयोजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

झाबुआ के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों पारा, कालिदेवी, खरडू, रजला सहित अन्य स्थानों पर भी आदिवासी समाज के लोगों ने गाय गोहरी का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उत्साह और उमंग से मनाया। इस दौरान पशुधन के प्रति सम्मान, धार्मिक आस्था और वर्षों पुरानी लोक संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिली।

Next Post

दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भीषण टक्कर, तीन युवकों की दर्दनाक मौत

Mon Nov 9 , 2026
झाबुआ. झाबुआ जिले के थांदला-मेघनगर मुख्य मार्ग पर ग्राम नौगांवा स्थित शीतला माता मंदिर के पास रविवार शाम करीब 7 बजे दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि इसमें तीन युवकों की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में दो […]

You May Like