
छिंदवाड़ा. महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सके , इस लिए जिला अस्पताल में आज को मैमोग्राफी सुविधा का शुभारंभ किया गया। इस सुविधा के प्रारंभ होने से महिलाओं को स्तन कैंसर की प्रारंभिक जांच एवं समय पर पहचान की सुविधा अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी। इसी अवसर पर टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जोश टीम का भी शुभारंभ किया गया। जिला अस्पताल में मैमोग्राफी सुविधा प्रारंभ होने से महिलाओं को स्तन कैंसर की प्रारंभिक जांच कराने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इसके माध्यम से समय पर बीमारी की पहचान, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की दिशा में आगे की कार्यवाही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। स्थानीय स्तर पर यह सुविधा उपलब्ध होने से महिलाओं को जांच के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता भी कम होगी। मैमोग्राफी सुविधा का शुभारंभ सांसद विवेक बंटी साहू द्वारा किया गया। इस अवसर पर शेषराव यादव, धर्मेंद्र मिगलानी, पप्पू ठाकुर एवं नंदू जैन सहित जनप्रतिनिधि एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अर्चना कैथवास, प्रभारी डीन डॉ. विवेकानंद वाघमारे, सिविल सर्जन डॉ. कंचन दुबे, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. विपिन जैन, नोडल अधिकारी रेडियोलॉजी डॉ. रवि तांडेकर, आरएमओ डॉ. हर्षोदन कुडापे, एचओडी गायनी विभाग डॉ. श्वेता पाठक, डॉ. डी.पी. महाजन एवं डॉ. नवदीप बोरकर, एमआरआई संचालक अंकित कराड़े सहित अन्य चिकित्सक, मैट्रन, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्यकर्मी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
समुदाय की भागीदारी को बढ़ावा देने पर दिया जाएगा जोर०००००
कार्यक्रम के दौरान टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जोश टीम का शुभारंभ भी किया गया। टीम के माध्यम से टीबी की शीघ्र पहचान, जांच एवं उपचार के साथ ही जन-जागरूकता और समुदाय की भागीदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। इस अवसर पर टीबी मुक्त ग्राम स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाली 43 ग्राम पंचायतों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सांसद बंटी साहू द्वारा ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान टीबी उन्मूलन के लिए ग्राम पंचायतों, जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं आमजन की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने टीबी मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने तथा जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।