जालसाजी मामला: भाजपा विधायक की कंपनी से एक हजार करोड़ की धोखाधड़ी, 8 पर FIR

भोपाल। मध्य प्रदेश के भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनी से कथित तौर पर 1000 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में रायपुर के कारोबारी महेंद्र गोयनका की मुश्किलें बढ़ गई हैं. कोलकाता हाई कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद कोलकाता पुलिस शनिवार को उसे पकड़ने रायपुर पहुंची, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही कारोबारी फरार हो गया. पुलिस अब उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. महेंद्र गोयनका मूल रूप से मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले का रहने वाला है और फिलहाल रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित आनंदम वर्ल्ड सिटी में रह रहा था. उसका कारोबार खनन, खनिज, इस्पात, जेम्स और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में फैला हुआ है. वह कई कंपनियों में निदेशक और साझेदार भी है. मामला यूरो प्रतीक इस्पात इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी कंपनियों के शेयरों के अवैध हस्तांतरण का है. शिकायत के अनुसार, जाली दस्तावेजों, फर्जी हस्ताक्षरों और कंपनी की नकली मुहरों के जरिए शेयरों का मालिकाना हक बदलने की साजिश रची गई. आरोप है कि इस तरीके से एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों पर नियंत्रण हासिल करने की कोशिश की गई.

फर्जी दस्तावेजों से बदले शेयरधारकों के नाम

कोलकाता के बोबाजार थाने में दर्ज एफआइआर के मुताबिक, शिकायतकर्ता कंपनी एडमिट विनट्रेड प्राइवेट लिमिटेड के पास व्यू टेक मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड के पांच हजार शेयर थे. ये शेयर चार फरवरी 2018 को विधिवत कंपनी के नाम दर्ज हुए थे. आरोप है कि बाद में संशोधित वार्षिक रिटर्न में इन शेयरों को महेंद्र गोयनका एंड संस के नाम दर्ज दिखा दिया गया.

आठ लोगों के खिलाफ एफआइआर

इस मामले में 30 अक्टूबर 2026 को बोबाजार थाने में महेंद्र गोयनका समेत आठ लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है. कोलकाता पुलिस हाई कोर्ट के गिरफ्तारी वारंट के आधार पर रायपुर पहुंची थी. पुलिस की कार्रवाई की जानकारी कारोबारी तक पहुंचने के बाद वह फरार हो गया. फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है.

 

 

Next Post

कृषि अधिकारी के सूने मकान में चोरी, नकदी समेत लाखों के जेवरात पार

Mon Nov 9 , 2026
जबलपुर: संजीवनीनगर थाना अंतर्गत धनवंतरी नगर निवासी कृषि विभाग में पदस्थ कृषि विस्तार अधिकारी हरीश बर्वे (41) के सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 1.34 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के दौरान शातिर चोर घटनास्थल […]

You May Like