अधिकारी ने राज्यपाल रवि से मिलकर पेश किया सरकार बनाने का दावा

कोलकाता, (वार्ता) पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता सुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाक़ात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। यह राज्य में भाजपा की पहली सरकार होगी।

श्री अधिकारी विधायक दल का नेता चुने जाने के करीब दो घंटे बादपार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ लोक भवन पहुँचे। इस दौरान उनके साथ मौजूद लोगों में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और वरिष्ठ नेता दिलीप घोष, लॉकेट चटर्जी तथा तापस रॉय मौजूद थे।

श्री अधिकारी शनिवार को कोलकाता के विशाल ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित होने वाले एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्री और भाजपा-शासित राज्यों के करीब 20 मुख्यमंत्री इस शपथ ग्रहण समारोह की शोभा बढ़ाएँगे।श्री अधिकारी ने पाँच साल के अंतराल पर हुए लगातार दो विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को हराया है। उन्हें यहाँ के बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में हुई एक बैठक में सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था।

श्री अधिकारी पिछली विधानसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर काम कर चुके हैं। उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधायक दल का नेता चुना गया।

 

Next Post

उच्च न्यायालय में रखी हर फाइल किसी की ज़िंदगी है : न्यायमूर्ति पाठक

Sat May 9 , 2026
जबलपुर: हाईकोर्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन, जबलपुर द्वारा शुक्रवार को ग्वालियर उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश आनंद पाठक एवं इंदौर खंडपीठ से जबलपुर मुख्यपीठ में स्थानांतरित होकर आए न्यायमूर्ति संजीव कालगांवकर का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन बार एसोसिएशन के सचिव निखिल तिवारी ने किया। कार्यक्रम के […]

You May Like