जबलपुर: हाईकोर्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन, जबलपुर द्वारा शुक्रवार को ग्वालियर उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश आनंद पाठक एवं इंदौर खंडपीठ से जबलपुर मुख्यपीठ में स्थानांतरित होकर आए न्यायमूर्ति संजीव कालगांवकर का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन बार एसोसिएशन के सचिव निखिल तिवारी ने किया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर मुख्य रूप से मध्य प्रदेश सीनियर एडवोकेट्स काउंसिल के चेयरमैन सीनियर एडवोकेट उमाकांत शर्मा, राज्य शासन के अतिरिक्त महाधिवक्ता हरप्रीत सिंह रूपराह एवं केंद्र शासन के डिप्टी सॉलिसिटर जनरल सुयश मोहन गुरु भी उपस्थित रहे।
जिसके बाद एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया तथा बार-बेंच के संबंधों की गरिमा पर प्रकाश डाला। अपने उद्बोधन में न्यायमूर्ति आनंद पाठक ने कहा, उच्च न्यायालय एक बड़ी यूनिवर्सिटी है। यहाँ हर एक फाइल किसी की ज़िंदगी होती है। न्याय कार्य में हर पहलू पर विचार किया जाना चाहिए। अधिवक्ता को पूरी तैयारी के साथ और न्यायाधीश को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से प्रकरण को लेना चाहिए।
इनकी रही उपस्थिति
माननीय न्यायमूर्ति संजीव कालगांवकर ने भी सभा को संबोधित किया एवं न्यायिक अनुशासन तथा न्यायालय की गरिमा बनाए रखने में अधिवक्ताओं की भूमिका पर बल दिया। इस गरिमामय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित थे। इनमें उपाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, कोषाध्यक्ष देवेंद्र गंगराडे, कार्यकारिणी सदस्य विजय शुक्ला, स्वाति असीम जॉर्ज, मनहर दीक्षित, अर्जुन सिंह सहित कई कनिष्ठ अधिवक्ता एवं इंटर्न उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन संस्था की गरिमा एवं बार-बेंच सौहार्द को और मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।
