बुधनी। नेशनल हाईवे-46 पर डिवाइडर के बीच संदिग्ध अवस्था में वन विभाग के एक कर्मचारी का शव मिला. मृतक की पहचान ग्राम भीमकोठी निवासी तुकाराम भिलाला के रूप में हुई है. वे रातापानी वन क्षेत्र के बरखेड़ा में पदस्थ थे. मामले में परिजनों ने एक वनरक्षक पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है.
जानकारी के अनुसार सोमवार से तुकाराम भिलाला के लापता होने पर परिजनों ने बरखेड़ा पुलिस चौकी में गुमशुदगी की सूचना दी थी. पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी थी. इस दौरान उनका शव नेशनल हाईवे 46 पर डिवाइडर के बीच संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ. सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पीएम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू की. मृतक के परिजनों का आरोप है कि तुकाराम को आखिरी बार एक वनरक्षक के साथ देखा गया था. परिजनों ने आशंका जताई है कि उनकी हत्या कर शव को हाइवे पर फेंका गया, ताकि घटना को सड़क दुर्घटना का रूप दिया जा सके. पुलिस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है. पीएम रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी.
