धनतेरस पर गोपालपुरा के 78 परिवारों को मिला आवासीय भूमि का मालिकाना हक

झाबुआ. धनतेरस के शुभ अवसर पर तहसील पेटलावद के ग्राम गोपालपुरा में स्वामित्व योजना के तहत भूखंडों के पंजीयन कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान ग्राम के 78 पात्र हितग्राहियों को उनकी आवासीय भूमि का वैधानिक मालिकाना हक प्रदान किया गया।

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि ग्रामीण परिवारों को भूमि का स्वामित्व अधिकार मिलना उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि की नई शुरुआत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार ग्रामीणों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। स्वामित्व अधिकार मिलने से ग्रामीणों को वित्तीय सुविधाओं का लाभ लेने में मदद मिलेगी और भूमि संबंधी विवादों में भी कमी आएगी।

ग्राम गोपालपुरा में कुल 2.51 हेक्टेयर आबादी भूमि पर 78 हितग्राहियों की शत-प्रतिशत रजिस्ट्री पूर्ण की गई। इसके लिए लगभग 10 लाख 45 हजार रुपये की पंजीयन राशि राज्य शासन द्वारा वहन की गई।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारी रामलाल भाभर, श्यामपाल चंद्रावत, यश रामावत एवं निलेश पालिया को मंत्री द्वारा पुष्पहार एवं तुलसी का पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम रीतिका पाटीदार, एसडीओपी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Next Post

हाट बाजार में महापौर ने स्वदेशी उत्पाद खरीदे

Fri Nov 6 , 2026
रीवा, दीपावली पर्व के अवसर पर नगर निगम रीवा द्वारा पदमधर पार्क में आयोजित हाट बाजार में दुकानें सज चुकी हैं. बाजार में स्थानीय छोटे व्यापारियों एवं कारीगरों द्वारा दीपावली से संबंधित विभिन्न प्रकार के स्वदेशी उत्पादों की बिक्री की जा रही है. इसी क्रम में महापौर अजय मिश्रा ‘‘बाबा‘‘ […]

You May Like