
शाजापुर, शहर के वार्ड क्रमांक 5 स्थित महूपुरा पटेलवाड़ी क्षेत्र में नगरपालिका द्वारा सडक़ निर्माण कराया जा रहा है. इसी का फायदा उठाते हुए कुछ रहवासियों ने रातों रात अवैध नल कनेक्शन करवा लिए. सडक़ बनने से ठीक पहले कुछ लोगों द्वारा अवैध तरीके से नल कनेक्शन जोडऩे की सूचना जब नगरपालिका को मिली, तो नगर पालिका का अमला गुरुवार सुबह मौके पर पहुंचा और अवैध नल कनेक्शनधारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. टीम ने 10 अवैध नल कनेक्शन काटते हुए रहवासियों को चेतावनी दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 5 महूपुरा पटेलवाड़ी में इन दिनों नगरपालिका द्वारा नई सडक़ का निर्माण कार्य कराया जा रहा है. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सडक़ की खुदाई पर रोक लग जाती है. इसी का फायदा उठाने के लिए कई निवासियों ने आनन-फानन में मुख्य जल पाइपलाइन से अवैध तरीके से नल कनेक्शन जोड़ लिए. जैसे ही नगरपालिका प्रशासन को महूपुरा पटेलवाड़ी में अवैध नल कनेक्शन की शिकायत मिली. अधिकारियों के निर्देश पर नपा का अमला अमला मौके पर पहुंचा. जांच के दौरान मौके पर अवैध तरीके से पाइपलाइन में किए गए कनेक्शन सही पाए गए.
इनका कहना…
वार्ड क्रमांक 5 में सडक़ निर्माण के पहले कुछ लोगों द्वारा अवैध तरीके से नल कनेक्शन कर लिए गए थे. सूचना मिलने पर 10 कनेक्शन काटे गए. वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर आगामी कार्यवाही की जाएगी. – ऋषि पारछे, प्रभारी, जल शाखा, नगरपालिका, शाजापुर
