
रीवा, रीवा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार और आदतन अपराधियों के खिलाफ एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। शहर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजे के साथ एक शातिर और आदतन अपराधी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी उस वक्त पुलिस के हत्थे चढ़ा जब वह ग्राहक की तलाश में खड़ा था।
सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने बताया कि पुलिस को मुखबिर के जरिए एक पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि पद्मधर कालोनी मोड़ पर स्थित राजपूत गन फैक्ट्री के सामने एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ की खेप बेचने के लिए किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे दबोच लिया। मौके पर ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से अवैध गांजे का एक पैकेट बरामद किया गया है, जिसे पुलिस ने तत्काल जब्त कर लिया।
पुलिस पूछताछ और जांच में आरोपी की पहचान लालू पटेल उर्फ आशीष के रूप में हुई है। वह मूल रूप से छिबौरा, रामपुर बघेलान का निवासी है, जो वर्तमान में ढेकहा, रीवा में रह रहा था।
पकड़े गए आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड बेहद चौंकाने वाला है। पुलिस के मुताबिक, लालू पटेल एक शातिर और आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से ही अलग-अलग थानों में दर्जनभर से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। इतना ही नहीं, आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पूर्व में उसके खिलाफ जिलाबदर की कड़ी कार्रवाई भी की जा चुकी है। लेकिन जिलाबदर की कार्रवाई के बावजूद आरोपी शहर में छिपकर दोबारा नशे के इस अवैध कारोबार को फैला रहा था।
पद्मधर कॉलोनी मोड़ के पास से रंगे हाथों गांजा बरामद होने के बाद, सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी लालू पटेल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत नया मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है। साथ ही, पुलिस इस बात की भी सघन जांच कर रही है कि आरोपी यह गांजा कहां से लेकर आया था और इसे शहर में किन-किन लोगों को सप्लाई करने वाला था।
