त्यौहार पर बढ़ेगी यात्रियों की आवाजाही, एयरपोर्ट तैयार

ग्वालियर। दिवाली नजदीक आते ही ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया टर्मिनल ग्वालियर पर हवाई यात्रियों की आवाजाही बढ़ने लगी है। दशहरे के बाद यात्री ट्रैफिक में 20 से 25 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है, वहीं एडवांस बुकिंग में भी तेजी आई है। त्योहार के दौरान यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने के लिए एयरपोर्ट प्रबंधन ने विशेष तैयारियां की हैं। उड़ानों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

मुंबई के लिए रोजाना उड़ान दिल्ली की फ्लाइट के फेरे बढ़े

नवभारत प्रतिनिधि से चर्चा में एयरपोर्ट डायरेक्टर लोकेश कुमार यादव ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए उड़ानों के संचालन में बदलाव किया गया है। मुंबई के लिए पहले सप्ताह में चार दिन संचालित होने वाली फ्लाइट अब सातों दिन उपलब्ध है। वहीं, अकासा एयर की दिल्ली फ्लाइट, जो पहले सोमवार और शुक्रवार को संचालित होती थी, अब बुधवार को भी मिलेगी। इससे त्योहार के दौरान यात्रियों को आने-जाने के अधिक विकल्प मिलेंगे। उन्होंने अकासा एयर की दिल्ली और ग्वालियर के बीच सीधी उड़ानों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि उड़ान संख्या क्यूपी1809 दिल्ली से सुबह 09:45 बजे चलकर 11:15 बजे ग्वालियर और वापसी में उड़ान संख्या क्यूपी 1810 ग्वालियर से सुबह 11:50 बजे प्रस्थान करके दोपहर 13:20 बजे दिल्ली पहुंचती है। यह सीधी सेवा सप्ताह में तीन दिन यानी सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उपलब्ध है।

इसके अलावा, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद और मुंबई से भी दिल्ली के रास्ते ग्वालियर के लिए कनेक्टिंग उड़ानें उपलब्ध कराई गई हैं। बेंगलुरु से ग्वालियर जाने के लिए उड़ान संख्या क्यूपी 1811/ क्यूपी 1809 सुबह 04:10 बजे या क्यूपी 1301/क्यूपी 1809 सुबह 05:00 बजे प्रस्थान करती है और 11:15 बजे ग्वालियर पहुंचती है।

ग्वालियर से बेंगलुरु, मुंबई के लिए कई कनेक्टिंग उड़ान के विकल्प

इसी प्रकार कोलकाता से सुबह 05:30 बजे और हैदराबाद से सुबह 06:00 बजे चलने वाली उड़ानें भी दिल्ली के रास्ते ग्वालियर पहुंचती हैं। वापसी के लिए ग्वालियर से बेंगलुरु, मुंबई आदि के लिए भी कई कनेक्टिंग उड़ान विकल्प सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होते हैं। यह सारी जानकारी 26 अक्टूबर 2026 के अनुसार है।

दिल्ली से दूसरे शहरों के लिए कनेक्टिविटी बेहतर

ग्वालियर से दिल्ली के रास्ते दूसरे शहरों तक पहुंचने वाले यात्रियों के लिए भी कनेक्टिविटी सुविधाजनक हुई है। वहीं अकासा एयर की दिल्ली फ्लाइट का समय अब आगे की उड़ानों से कनेक्टिविटी के लिहाज से अनुकूल है। इससे दिल्ली पहुंचने के बाद हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को सहूलियत मिल सकेगी।

बुजुर्गों की सुविधा से लेकर सजावट तक विशेष इंतजाम

दिवाली पर संभावित भीड़ को देखते हुए एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधाएं बेहतर बनाने की तैयारी की गई है। बुजुर्ग यात्रियों के लिए एस्कॉर्ट सुविधा, बैठने और विश्राम की व्यवस्था तथा खानपान सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। दिवाली के अवसर पर एयरपोर्ट परिसर में विशेष रोशनी और टर्मिनल के भीतर आकर्षक सजावट भी की जाएगी, ताकि यात्रियों को त्योहार का माहौल महसूस हो।

सुरक्षा नियमों का पालन करने की ताईद

एयरपोर्ट डायरेक्टर यादव ने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ सुरक्षा और सुविधा संबंधी जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन और एयरलाइंस की ओर से जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे हवाई यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और पटाखों सहित किसी भी प्रतिबंधित सामग्री को अपने सामान में न रखें। प्रतिबंधित सामग्री ले जाने से सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

ये उड़ानें होती हैं संचालित…

ग्वालियर के महाराजपुरा सिविल एयरपोर्ट पर नियमित विमान सेवाएं और यात्रियों की आवाजाही सामान्य रूप से संचालित हो रही है।

प्रमुख उड़ानें और संपर्क:

• नई दिल्ली: गैर-स्टॉप उड़ानें उपलब्ध (किराया लगभग रु. 5,357 से शुरू, अवधि 1 घंटा 10 मिनट)।

• मुंबई: गैर-स्टॉप उड़ानें उपलब्ध (किराया लगभग रु 11,865 से शुरू, अवधि 2 घंटे 15 मिनट)।

• बेंगलुरु: कनेक्टिंग उड़ानें उपलब्ध (किराया लगभग रु 18,427 से शुरू, अवधि 5 घंटे 30 मिनट)।

Next Post

संसद भवन परिसर में 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच का शुभारंभ

Mon Oct 26 , 2026
नई दिल्ली,भारत की मेजबानी में संसद भवन परिसर के ऐतिहासिक सेंट्रल हॉल में 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच का भव्य शुभारंभ हो गया है. दो दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों और 10 भागीदार देशों सहित कुल 21 देशों के संसदीय प्रतिनिधिमंडल और पीठासीन अधिकारी हिस्सा ले […]

You May Like