सिंगरौली। जिले के ग्रामीण अंचलों में मौसम का मिजाज बदलने के साथ ही घने कोहरे का प्रकोप दिखाई देने लगा है। विशेषकर चितरंगी तहसील क्षेत्र में सोन नदी के तटीय इलाकों में सुबह के समय घनी धुंध छाई रहती है। हालात यह हैं कि सुबह 9 बजे तक भी कोहरे की चादर पूरी तरह नहीं छंट रही है। पिछले दिनों चक्रवाती तूफान के प्रभाव से हुई बारिश के बाद मौसम में बदलाव आया है। बारिश थमने के बाद से ही क्षेत्र में कोहरे का असर लगातार देखने को मिल रहा है। \
सुबह-सुबह नदी किनारे और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दृश्यता कम होने से आवागमन करने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। मौसम में आए इस बदलाव से ठंड का अहसास भी बढ़ने लगा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह की दिनचर्या पर भी कोहरे का असर दिखाई देने लगा है।
