वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर महंगा

नयी दिल्ली, 01 फरवरी (वार्ता) तेल विपणन कंपनियों ने वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार दूसरे महीने बढ़ोतरी की है जबकि घरेलू सिलेंडर के दाम में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है।

देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में रविवार से 19 किलोग्राम वाला वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर 1,740.50 रुपये का हो गया है। यह मई 2025 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है।

जनवरी में इसकी कीमत 111 रुपये बढ़ाकर 1,691.50 रुपये की गयी थी। इस प्रकार, इस साल यह 159.50 रुपये महंगा हो चुका है।

वाणिज्यिक गैस सिलेंडर का उपयोग होटल, रेस्त्रां, ढाबों समेत सभी गैर-घरेलू उद्देश्यों के लिए होता है।

देश के अन्य मेट्रो शहरों में भी कीमतों में लगभग इतनी ही बढ़ोतरी की गयी है। कोलकाता और मुंबई में इसके दाम 49.50 रुपये बढ़े हैं। अब कोलकाता में नयी कीमत 1,844.50 रुपये और मुंबई में 1,692 रुपये हो गयी है। चेन्नई में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर 50 रुपये महंगा होकर आज से 1,899.50 रुपये का मिलेगा।

वहीं, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 08 अप्रैल 2025 के बाद से कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 853 रुपये, कोलकाता में 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये पर स्थिर है।

तेल विपणन कंपनियां रसोई गैस की कीमतों की हर महीने समीक्षा करती हैं। अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में कीमतों में बदलाव और डॉलर की तुलना में रुपये की विनिमय दर के आधार पर आम तौर पर हर महीने की पहली तारीख से नयी कीमतें तय की जाती हैं।

Next Post

सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी व कर्मियों को दी गई विदाई

Sun Feb 1 , 2026
ग्वालियर: एएसपी श्रीमती अनु बेनीवाल द्वारा पुलिस विभाग से सेवानिवृत हुए 4 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को विदाई दी गई। इस मौके पर रक्षित निरीक्षक ग्वालियर रणजीत सिंह सिकरवार, मुख्य लिपिक नरेंद्र तुनिया सहित कार्यालयीन स्टाफ एवं सेवानिवृत हुए पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी व उनके परिजन उपस्थित रहे। सेवानिवृत होने […]

You May Like