ट्रक से 42 क्विंटल संदिग्ध मावा जब्त

सीहोर। त्योहारों के बीच खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावटखोरी को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है. श्यामपुर में पुलिस और खाद्य सुरक्षा प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक से करीब 42 क्विंटल संदिग्ध मावा जब्त किया है. भिंड के दुलारपुरा से भोपाल ले जाई जा रही इस खेप में मावे की 107 बोरियां मिली हैं. खाद्य विभाग ने मावे के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं.

जानकारी के अनुसार पुलिस और खाद्य विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रकमें भारी मात्रा में मावा परिवहन कर भोपाल ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस और खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम सक्रिय हुई और वाहन को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान उसमें मावे से भरी 107 बोरियां बरामद हुईं. खाद्य विभाग के अनुसार, प्रत्येक बोरी में करीब 40 किलोग्राम मावा भरा हुआ था. इस हिसाब से कुल खेप का वजन लगभग 42 क्विंटल बताया जा रहा है. पुलिस और खाद्य विभाग की टीम चालक सत्यभान सिंह से पूछताछ कर रही है. मावा कहां से खरीदा गया, किन कारोबारियों ने इसे भेजा और भोपाल में किसे इसकी आपूर्ति की जानी थी, इन बिंदुओं पर जांच की जा रही है. खाद्य विभाग के मुताबिक, मौके पर मावे की प्रारंभिक जांच में गुणवत्ता सामान्य प्रतीत हुई, लेकिन इतनी बड़ी खेप और आपूर्ति संबंधी दस्तावेजों में स्पष्टता नहीं होने के चलते संदेह के आधार पर नमूने लिए गए हैं. खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपाली कांगे ने बताया कि मावे के सैंपल राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं. खराब होने की आशंका को देखते हुए पूरी खेप को कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखवाया गया है. रिपोर्ट आने के बाद मावे की गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी. यदि जांच में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.

 

Next Post

निवेश के दावों पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार: पटवारी

Thu Nov 5 , 2026
विशेष संवाददाता भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में 30.77 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिलने के सरकार के दावे पर सवाल उठाते हुए वास्तविक निवेश, परियोजनाओं की स्थिति और रोजगार सृजन का पूरा ब्यौरा देने के लिए श्वेत पत्र जारी करने की मांग की […]

You May Like