
बैतूल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी सोमवार को बैतूल जिले के दौरे पर अलग ही अंदाज में नजर आए। उन्होंने पहले उड़दन स्थित संत रामपाल के सतलोक आश्रम में आयोजित तीन दिवसीय महा समागम में सेवा कार्यों में हिस्सा लिया। इसके बाद भोपाल लौटते समय रास्ते में एक खेत में पहुंचकर किसान के साथ हल चलाया और खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की।
आश्रम के सेवादारों के अनुसार, जीतू पटवारी ने श्रद्धालुओं के जूठे बर्तन धोने, लंगर के लिए पूड़ियां तलने और प्रसाद वितरण जैसी सेवाओं में भाग लिया। उन्होंने समागम स्थल का भ्रमण भी किया और लगभग एक घंटे तक आश्रम में मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं और सेवादारों से भी मुलाकात की।
आश्रम से निकलने के बाद पटवारी बैतूल पहुंचे, जहां उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा से मुलाकात की। इस दौरान जिला कांग्रेस भवन के लिए खाली कराई गई भूमि का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य से संबंधित आवश्यक सुझाव दिए।
भोपाल लौटते समय उनकी नजर खेत में जुताई कर रहे किसान सकल धुर्वे पर पड़ी। पटवारी खेत में पहुंचे और किसान से खेती की स्थिति, फसल और किसानों की समस्याओं पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने कुछ देर किसान के साथ हल चलाकर जुताई में भी सहयोग किया। इस दौरान किसान परिवार के साथ उन्होंने तस्वीरें भी खिंचवाईं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने बताया कि जीतू पटवारी का यह दौरा निजी कार्यक्रम के तहत था। इसी वजह से पार्टी कार्यकर्ताओं को पहले से इसकी सूचना नहीं दी गई थी। कार्यक्रम पूरे होने के बाद वे भोपाल के लिए रवाना हो गए।
