नादिया नगर से संजय नगर तक दो घंटे रहा पागल कुत्ते का आतंक

इंदौर: शहर के नादिया नगर, एलआईजी कॉलोनी, शिवशक्ति नगर और संजय नगर क्षेत्र में रविवार को एक पागल कुत्ते ने करीब दो घंटे तक आतंक मचाए रखा. इस दौरान कुत्ते ने अलग अलग जगहों पर छह से अधिक लोगों को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. हमले इतने अचानक और हिंसक थे कि कई लोगों के हाथ पैर में गहरे जख्म आए और कुछ को कुत्ते ने लंबे समय तक जबड़े में दबाए रखा. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

क्षेत्र के लोगों ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11 बजे अचानक कुत्ता राह चलते लोगों पर लपकने लगा. पहले उसने दो तीन बाइक सवारों को निशाना बनाया, जो किसी तरह जान बचाकर वहां से निकल पाए. इसके बाद नादिया नगर में रहने वाले लक्ष्मण वर्मा पर कुत्ते ने हमला कर दिया. वर्मा ने हाथ से कुत्ते को हटाने की कोशिश की तो उसने उनका पंजा जबड़े में जकड़ लिया. आसपास के लोग छुड़ाने दौड़े, लेकिन कुत्ता काफी देर तक पंजा छोड़े बिना झूलता रहा. किसी तरह वर्मा खुद को बचा पाए, लेकिन तब तक हाथ का काफी मांस बाहर निकल चुका था और दूसरा पंजा भी बुरी तरह जख्मी हो गया.

कुछ ही देर बाद इसी कुत्ते ने क्षेत्र में रहने वाले 12 वर्षीय अबीर, पिता मनोज, पर हमला कर दिया और उसका पैर पकड़कर बुरी तरह काट लिया. बच्चे को बचाने दौड़े लोगों पर भी कुत्ता झपट पड़ा, जिससे लोग पीछे हटने को मजबूर हो गए. इसी दौरान जयश्री वर्मा ने एक व्यक्ति को बचाने की कोशिश की. उनका कहना है कि कुत्ते ने उस व्यक्ति के हाथ पैर फाड़ दिए थे. काफी मशक्कत के बाद बोरी डालकर किसी तरह उसे छुड़ाया जा सका. उन्होंने बताया कि इलाके में 10 से 15 कुत्तों का झुंड सक्रिय है, जिससे लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. रहवासियों ने एक बुजुर्ग महिला के भी कुत्ते के हमले में घायल होने की जानकारी दी है.

क्षेत्र में रहने वाले हेमंत कुशवाह ने बताया कि पिछले दो चार दिनों से एक कुत्ता असामान्य रूप से हिंसक हो गया है. वे खुद भी उसका शिकार होते होते बचे और भागकर घर में घुसकर जान बचाई. घटना से आक्रोशित रहवासियों का कहना है कि वे पहले भी दो बार नगर निगम को कुत्तों के आतंक को लेकर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. रविवार को भी सूचना देने पर निगम की ओर से सोमवार को टीम भेजने की बात कही गई. बाद में हिंसक कुत्ता घायल अवस्था में दिखाई दिया, लेकिन कुछ समय बाद वह इलाके से गायब हो गया. कुत्ते के न मिलने से लोगों में डर और बढ़ गया है.

Next Post

माही विज को लेकर उड़ती अफवाहों पर जय भानुशाली का बड़ा बयान

Mon Jan 12 , 2026
माही विज और नदीम के रिश्ते की अफवाहों पर जय भानुशाली ने चुप्पी तोड़ी है। एक्स वाइफ का समर्थन करते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर आलोचकों को करारा जवाब दिया। टीवी एक्टर और होस्ट जय भानुशाली की एक्स वाइफ माही विज इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बनी […]

You May Like