जबलपुर: पाटन थाना अंतर्गत कृषि उपज मंडी के पास एक पंचर दुकान पर 19 सितम्बर को ट्रैक्टर-ट्रॉली के टायर में जबरन हवा भरने के दौरान अचानक ब्लास्ट हुआ था । हवा के भारी दबाव के कारण टायर की लोहे की रिंग उछलकर सीधे युवक के सिर में जा धंसी थी। जिसकी मौत हो गई थी जबकि पास ही खड़ा ट्रैक्टर ड्राइवर भी इस हादसे में जख्मी हुआ था। मामले की जांच के बाद यह बात सामने आई कि हवा भर रहे मृतक के उतावलेपन और लापरवाही के चलते हादसा हुआ था। पुलिस ने मृतक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लक्ष्मण वर्मन (18), निवासी काली माई मंदिर के पीछे पाटन, कृषि उपज मंडी के पास स्थित अजय साहू की पंचर दुकान पर काम करता है। 19 सितम्बर शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे लक्ष्मण दुकान के बाहर एक माजदा ट्रक के टायर रिपेयरिंग का काम कर रहा था और दुकान मालिक वहां मौजूद नहीं थे। इसी दौरान वहां एक नीले रंग की ट्रैक्टर-ट्रॉली आकर रुकी। ट्रैक्टर में सवार बालमुकुंद उर्फ छुट्टू परधान (30) ने लक्ष्मण से ट्रॉली के टायर में हवा डालने को कहा।
लक्ष्मण ने काम में व्यस्त होने का हवाला देते हुए कहा था कि उसे फ्री होने में एक घंटा लगेगा, इसलिए वे किसी दूसरी दुकान पर चले जाएं। लक्ष्मण और ट्रैक्टर ड्राइवर देशराज ठाकुर के बार-बार मना करने के बावजूद बालमुकुंद नहीं माना। उसने बिना बताए दुकान की कंप्रेसर मशीन का पाइप उठाया और खुद ही टायर में हवा भरने लगा था। हवा का प्रेशर क्षमता से अधिक होने के कारण अचानक टायर जोरदार धमाके के साथ फट गया था।
धमाका इतना भीषण था कि टायर की भारी-भरकम लोहे की रिंग सीधे बालमुकुंद के सिर पर जा लगी थी। प्रेशर के कारण वह हवा में उछलकर पास की दीवार से टकराया और जमीन पर गिर गया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी । पास खड़े ड्राइवर देशराज के पैरों में भी गंभीर चोटें आईं थी। पाटन पुलिस ने मर्ग कायम कर जब मामले की जांच की, तो पाया कि यह पूरी घटना बालमुकुंद के उतावलेपन और घोर लापरवाही के कारण हुई, जिससे उसकी खुद की जान गई और ड्राइवर देशराज भी जख्मी हुआ। पुलिस ने मृतक बालमुकुंद उर्फ छुट्टू परधान के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है
