
मंदसौर। जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत प्रशासन ने ग्राम भुन्याखेड़ी में कार्रवाई करते हुए करीब 30 करोड़ रुपये मूल्य की 0.75 हेक्टेयर शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद भूमि का कब्जा संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंप दिया गया।
एसडीएम शुभम पाटीदार ने बताया कि ग्राम भुन्याखेड़ी स्थित शासकीय सर्वे नंबर 514 की भूमि पर साबिर पिता बफाति हड्डी द्वारा अतिक्रमण किया गया था। उक्त भूमि का रकबा 0.75 हेक्टेयर तथा अनुमानित बाजार मूल्य करीब 30 करोड़ रुपये है। मंदसौर नगर तहसीलदार नीलेश पटेल के नेतृत्व में राजस्व अमले ने पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
अतिक्रमण हटाने के बाद भूमि का कब्जा कर्मचारी आवास निगम, विंध्याचल भवन भोपाल की ओर से उपस्थित राहुल चौहान तथा नगर पालिका मंदसौर के कार्यपालन यंत्री पीएस धार्वे को सौंपा गया।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार अभिषेक चौरसिया, राजस्व निरीक्षक विकास चौहान, पटवारी राजेंद्र चंदेल, राजेश मेहता, गोवर्धन पाटीदार, रविंद्र पाटीदार, माधुरी परमार, नगर पालिका इंजीनियर शाहिद मिर्जा सहित राजस्व एवं अन्य विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
