ऑनलाइन खरीदी छोड़ें, परिवार के साथ स्थानीय बाजारों में पहुंचें, व्यापारियों का बढ़ाएं उत्साह

विदिशा, ऑनलाइन खरीदी, होम डिलीवरी, महंगाई और शॉपिंग मॉल के बढ़ते चलन का असर स्थानीय बाजारों के कारोबार पर दिखाई दे रहा है। ऐसे में त्योहारों पर विदिशा के बाजारों में रौनक लौटाने और स्थानीय व्यापार को मजबूती देने के लिए विधायक मुकेश टंडन, विदिशा चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एवं कैट ने नागरिकों से विशेष अपील की है।

चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के व्यापारियों ने हाल ही में माधवगंज चौराहे पर अभियान चलाकर उपभोक्ताओं से ऑनलाइन खरीदी के बजाय परिवार के साथ स्थानीय बाजारों में पहुंचकर खरीदारी करने का आग्रह किया। अभियान का संदेश है- ‘एक पहल अपने शहर और देश के लिए’।

चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रवि तलरेजा ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी पूरी होंगी, जब बाजारों में रौनक लौटेगी और स्थानीय व्यापारियों के चेहरों पर मुस्कान आएगी। नागरिकों की छोटी-सी पहल शहर के व्यापार को नई ऊर्जा दे सकती है ।

वहीं नगरपालिका प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ उद्योगपति राकेश शर्मा ने कहा कि स्थानीय दुकानों से खरीदारी करना केवल व्यापारियों का सहयोग नहीं, बल्कि अपने शहर और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का प्रयास है।

इस अपील में महामंत्री हिरदेश सोनी, कोषाध्यक्ष नीलेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष आनंद अग्रवाल एवं दिनेश रामानी, मंत्री रोहित गर्ग, अमित शर्मा एवं नितिन जड़िया, डायरेक्टर बृजेंद्र सोनी सहित वरिष्ठ व्यापारी मनमोहन बंसल, राजकुमार सराफ, रामबाबू शर्मा, अरुण अवस्थी, शैलेश जैन एवं राजेश राय ने भी नागरिकों से स्थानीय बाजारों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

व्यापारियों की अपील है कि इस त्योहार पर ऑनलाइन शॉपिंग के बजाय अपने बाजारों में खरीदारी करें, क्योंकि आपकी खरीदारी से ही स्थानीय व्यापारियों के घर भी खुशियों के दीप जलेंगे।

Next Post

पटाखों के अवैध परिवहन व नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

Wed Nov 4 , 2026
बड़वानी, दीपावली पर्व के मद्देनजर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक (प्रभारी) के निर्देशन में 4 नवम्बर को शहर के व्यस्ततम रेवा सर्कल पर एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस संयुक्त अभियान में […]

You May Like