जमीन में निवेश के नाम पर जिम ट्रेनर ने 26.47 लाख हड़पे

जबलपुर: गढ़ा थाना क्षेत्र में एक जिम ट्रेनर ने अपने ही दोस्त को जमीन के कारोबार में मुनाफे का झांसा देकर 26,47,000 रुपये ठग लिए। पीड़ित युवक ने परिजनों से उधार लेकर यह रकम सौंपी थी। अब रकम वापस मांगने पर लगातार टालमटोल किए जाने से परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
इंदिरा गांधी वार्ड गौतम जी की मढ़िया निवासी आकाश राजपूत ने बताया कि वह गंगा नगर, चंदन कॉलोनी गढ़ा निवासी सौरभ द्विवेदी को वर्ष 2018 से जानता है। सौरभ उसे जिम में ट्रेनिंग देता था। रोजाना जिम में मिलने के कारण दोनों के बीच घनिष्ठ मित्रता हो गई। यह दोस्ती इतनी गहरी हो गई कि दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना शुरू हो गया और आकाश के सौरभ के पूरे परिवार से अच्छे संबंध स्थापित हो गए।

आकाश राजपूत के अनुसार, सौरभ द्विवेदी ने इसी विश्वास का फायदा उठाकर उसे अपने जाल में फंसाया। सौरभ ने आकाश से कहा कि वह प्लॉट और जमीन का बड़ा व्यापार शुरू कर रहा है, जिसमें निवेश करने पर भारी मुनाफा होगा। अपने ट्रेनर और करीबी दोस्त पर आंख मूंदकर भरोसा करते हुए आकाश जमीन के कारोबार में निवेश करने के लिए तैयार हो गया। सौरभ के झांसे में आकर आकाश ने पैसे जुटाना शुरू किया। सौरभ पर इतना गहरा विश्वास था कि आकाश ने अपनी जमापूंजी के अलावा अपने सगे-संबंधियों और परिजनों से भी लाखों रुपये उधार ले लिए। पीड़ित ने किस्तों में कुल 26 लाख 47 हजार रुपये आरोपी सौरभ द्विवेदी को दे दिए।
रकम हड़पते ही बदला रंग, पीड़ित काट रहा चक्कर-
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इतनी बड़ी रकम हाथ में आते ही सौरभ द्विवेदी के तेवर बदल गए। जब निवेश की अवधि पूरी होने पर आकाश ने अपने पैसों और मुनाफे का हिसाब मांगा, तो वे बहाने बनाने लगा। लगातार टालमटोल कर रहा है और पैसे लौटाने से साफ मुकर रहा है। पीड़ित आकाश राजपूत ने परिजनों के साथ पहुंच कर एसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए शिकायत की है।

Next Post

ग्वालियर की बदहाल सड़कों को लेकर सिंधिया का बयान : सड़कों की रिपोर्ट से ग्वालियर की बदनामी हुई

Tue Sep 22 , 2026
ग्वालियर: ग्वालियर की बदहाल सड़कों को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का बड़ा बयान सामने आया है। हाईकोर्ट में सड़कों की खराब गुणवत्ता और बदहाली की रिपोर्ट के बीच सिंधिया ने माना कि सड़कों की स्थिति चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि सड़कों की रिपोर्ट से ग्वालियर की बदनामी […]

You May Like