नयी दिल्ली, 04 नवंबर (वार्ता) उत्तराखंड की अंकिता भंडारी की हत्या के मामले में न्याय दिलाने की मांग को लेकर राजघाट पर मौन व्रत पर बैठे उसके माता-पिता को पुलिस ने वहां से हटा दिया।
सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना ने बुधवार शाम सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि अंकिता के माता-पिता श्रीमती सोना देवी और श्री बी एस भंडारी गांधी समाधि राजघाट पर मौन व्रत रखकर अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग कर रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से घसीट कर हटा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्वस्थ होने के बावजूद अंकिता की मां को जबरन वहां से ले जाया गया और उनकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गयीं।
सोशल मीडिया पर साझा जानकारी में यह भी आरोप लगाया गया है कि पुलिस ने अंकिता की मां के बेहोश होने के बाद भी अस्पताल ले जाने के बजाय गाड़ी में इधर-उधर सड़कों पर ही घुमाया।
इससे पहले पिछले महीने अंकिता के माता पिता ने हत्या के मामले में एक वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर इंडिया गेट पर धरना दिया था जहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेता पहुंचे थे। उस समय भी अंकिता के माता पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था और बाद में छोड़ दिया था।
उन्होंने अपनी पोस्ट में अंकिता को न्याय दिलाने और उनकी हत्या के आरोप में जिस वीआईपी का नाम आया है उसे राज्यपाल पद से तत्काल हटाने की मांग को लेकर ‘लेटर फॉर अंकिता भंडारी’ अभियान से लोगों से जुड़ने की अपील भी की है।
