
सिंगरौली : मानवता की सेवा, जीवन रक्षा एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण के 12 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने पर इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा सिंगरौली द्वारा संचालित रेडक्रॉस ब्लड सेंटर का 12वाँ स्थापना दिवस एनटीपीसी विंध्याचल स्थित विंध्य चिकित्सालय परिसर में उत्साह वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। रेडक्रॉस चेयरमैन एसडी सिंह ने स्वागत उद्बोधन में ब्लड सेंटर की 12 वर्षों की उपलब्धियों, स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों, जन जागरूकता अभियानों एवं जनसेवा कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अब तक रेडक्रॉस ब्लड सेंटर द्वारा 49,729 यूनिट रक्त का संग्रहण एवं 47,029 यूनिट रक्त का वितरण विभिन्न अस्पतालों में किया जा चुका है। शिविर में सीआईएसएफ कमांडेंट मनीष कुमार राय ने स्वयं रक्तदान कर समाज के समक्ष प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके साथ सीआईएसएफ के अन्य जवानों ने भी स्वैच्छिक रक्तदान किया। शिविर में कुल 41 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया। समारोह में रेडक्रॉस चेयरमैन एसडी सिंह, सचिव डॉ. ओपी राय, कोषाध्यक्ष ओपीएन सिन्हा, ब्लड सेंटर के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. आरडी द्विवेदी, डॉ.एनके जैन सहित अन्य मौजूद रहे।
