
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्बाइड गन से घायल नागरिकों से हमीदिया अस्पताल के नेत्र रोग वार्ड में मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को समुचित इलाज सुनिश्चित करने और अन्य जिलों में भी ऐसे सभी पीड़ितों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्वेच्छानुदान मद से आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की।
डॉ. यादव ने नारियलखेड़ा के प्रशांत मालवीय, छोला के करण पंथी, भानपुर के आरिश और परवलिया सड़क के अंश प्रजापति से भेंट की। इनमें अधिकतर किशोर हैं। कुछ ने स्वयं कार्बाइड गन का उपयोग करते हुए घायल होने की बात स्वीकार की, जबकि एक युवक अन्य के प्रयोग से घायल हुआ।
पीड़ितों के परिजनों ने अस्पताल में उपचार पर संतोष जताते हुए कहा कि अब उन्होंने आसपास के परिवारों को भी कार्बाइड गन न इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
इस मौके पर प्रमुख सचिव स्वास्थ्य संदीप यादव और जनसंपर्क आयुक्त दीपक सक्सेना उपस्थित रहे।
