वाशिंगटन, 02 जून (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजमिन नेतन्याहू को लेबनान में इजरायल की सैन्य कार्रवाई को लेकर कड़ी फटकार लगाते हुए संयम बरतने की सलाह दी है। एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार श्री ट्रंप ने टेलीफोन पर बातचीत में श्री नेतन्याहू को “पागल” बताया और उन पर कृतघ्न होने का आरोप लगाया। रिपोर्ट में कहा गया है कि बातचीत के दौरान एक समय श्री ट्रंप ने ऊंची आवाज में पूछा, “आप आखिर कर क्या रहे हैं?” यह कथित बातचीत उस समय हुई जब नेतन्याहू ने इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) को बेरूत के दाहियेह क्षेत्र में हिजबुल्ला के ठिकानों पर हमला करने का आदेश दिया था। इजरायली सेना द्वारा जमीनी अभियान तेज किये जाने और वर्षों में पहली बार लेबनान के भीतर अधिक गहराई तक प्रवेश करने के कारण दक्षिणी लेबनान में हजारों लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं।
श्री नेतन्याहू ने रविवार को जारी एक बयान में कहा था कि उन्होंने सेना को लेबनान में अपने जमीनी अभियान का विस्तार करने का निर्देश दिया है। इजरायल ने नबातियेह शहर के निकट एक रणनीतिक पहाड़ी पर स्थित ऐतिहासिक ब्यूफोर्ट किले पर भी कब्जा कर लिया है। इजरायली सेना ने इससे पहले 1982 में इस 12वीं शताब्दी के किले पर कब्जा किया था और लेबनान से वापसी करने तक 18 वर्षों तक उस पर नियंत्रण बनाये रखा था। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि लेबनान में इजरायली हमले सात अप्रैल को अमेरिका और ईरान के बीच हुए व्यापक युद्धविराम समझौते का उल्लंघन हैं। श्री अराघची ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “ईरान और अमेरिका के बीच हुआ युद्धविराम स्पष्ट रूप से सभी मोर्चों पर लागू है, जिसमें लेबनान भी शामिल है। किसी एक मोर्चे पर इसका उल्लंघन, सभी मोर्चों पर युद्धविराम का उल्लंघन माना जाएगा। इसके परिणामों के लिए अमेरिका और इजरायल जिम्मेदार होंगे।”
फोन वार्ता के बाद श्री ट्रंप ने अपनी बातचीत को “सकारात्मक और उपयोगी” बताया और कहा कि इजरायल बेरूत में कोई बड़ा सैन्य अभियान नहीं चलाएगा। श्री ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “आज मेरी बिबी नेतन्याहू से बातचीत हुई। मैंने उनसे कहा कि वे लेबनान की राजधानी बेरूत में कोई बड़ा हमला न करें। उन्होंने अपने सैनिकों को वापस मोड़ दिया। धन्यवाद बिबी।

