सतना। उचेहरा थाना क्षेत्र के परसमनिया पहाड़ स्थित आलमपुर गांव में पुलिस ने गांजे की अवैध खेती का खुलासा किया। यहां एक किसान अरहर की फसल के बीच गांजे के पौधे उगा रहा था।मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने खेत में दबिश देकर गांजे के 60 पौधे जब्त किए। इनका कुल वजन करीब 18 किलो और अनुमानित कीमत 1 लाख 80 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने खेती के आरोपी चैन सिंह गोंड (54) को गिरफ्तार कर लिया है।
परसमनिया चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि आलमपुर गांव के छिरहान बाव इलाके में खेत के अंदर गांजे की खेती की जा रही है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आलमपुर निवासी चैन सिंह, पिता स्व. होशियार सिंह गोंड के खेत में अरहर की फसल के बीच गांजे के पौधे मिले। पुलिस ने सभी 60 पौधों को जब्त कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी चैन सिंह गोंड के खिलाफ अपराध क्रमांक 428/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूरी कार्रवाई उचेहरा थाना प्रभारी सतीश मिश्रा और परसमनिया चौकी प्रभारी संतोष सिंह धुर्वे के नेतृत्व में की गई।
