किराना दुकान की आड़ में बिक रहे थे पटाखे, प्रशासन ने मारा छापा

सीहोर। शहर के रहवासी इलाकों में नियमों को ताक पर रखकर पटाखों का कारोबार किस तरह संचालित हो रहा है, इसकी बानगी मंगलवार को कस्बा क्षेत्र के तलैया मोहल्ले में देखने को मिली. पीली मस्जिद के पास किराने की दुकान में पटाखों का कारोबार किए जाने की सूचना पर प्रशासन की टीम ने छापामार कार्रवाई की. तलाशी के दौरान मौके से बम, पटाखे, रॉकेट, अनार सहित कई प्रकार की आतिशबाजी सामग्री का बड़ा जखीरा मिला. प्रशासन ने करीब 50 हजार रुपए कीमत की सामग्री जब्त की है. घनी आबादी के बीच किराना दुकान की आड़ में पटाखों का कारोबार संचालित होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.

जानकारी के अनुसार प्रशासन को सूचना मिली थी कि तलैया मोहल्ला स्थित पीली मस्जिद के पास रफीक अहमद पिता अब्दुल अजीज द्वारा बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण और बिक्री की जा रही है. सूचना में किराने की दुकान से पटाखों का कारोबार किए जाने की बात भी सामने आई थी. इसके बाद मंगलवार को तहसीलदार डॉ. अमित सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी गिरीश कुमार दुबे, नपा सीएमओ सुधीर कुमार सिंह, कार्यपालन यंत्री विजय कोली, उपयंत्री वैभव लोवानिया सहित पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची. अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल मच गई.

स्थानीय लोगों के मुताबिक संबंधित व्यक्ति पिछले करीब तीन वर्षों से बम, पटाखे, रॉकेट, अनार सहित अन्य आतिशबाजी सामग्री का थोक और फुटकर कारोबार कर रहा था. दुकान पर किराने का सामान बेचने के साथ पटाखों की बिक्री किए जाने की बात भी सामने आई है. हालांकि इस अवधि में कारोबार किस स्तर पर संचालित हुआ और संबंधित के पास कोई अनुमति थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है.

तहसीलदार डॉ. अमित सिंह के अनुसार कार्रवाई के दौरान मिली आतिशबाजी सामग्री की प्रारंभिक कीमत करीब 50 हजार रुपए आंकी गई है. पूरी सामग्री जब्त कर सुरक्षित रखवाई गई है. मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. बिना लाइसेंस भंडारण और बिक्री की पुष्टि होने पर संबंधित के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित अन्य प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी.

कार्बाइड गन के निर्माण व ब्रिक्री पर रहेगा प्रतिबंध

दीपावली पर्व को देखते हुए शहर में पटाखों के सुरक्षित भंडारण और बिक्री को लेकर प्रशासन एवं पुलिस विभाग सतर्क हो गया है. मंगलवार को सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा और एसडीएम तन्मय वर्मा ने स्थानीय बाजार, बीएसआई मैदान स्थित पटाखा दुकानों और अनुभाग क्षेत्र की मैगजीन का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान पटाखा दुकानों एवं मैगजीन के लाइसेंस, अग्निशमन यंत्र, रेत से भरी बाल्टियां, पानी की उपलब्धता सहित अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच की गई. अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देशित किया कि पटाखों का भंडारण निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार करें. दुकानों के आसपास किसी भी प्रकार का ज्वलनशील पदार्थ न रखें और आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतें.

 

Next Post

जेयू के विधि संस्थान में हर्षोल्लास के साथ मना दीप महोत्सव

Wed Nov 4 , 2026
ग्वालियर: जीवाजी विश्वविद्यालय के विधि संस्थान में दीपावली के के उपलक्ष्य में भव्य दीप महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान परिसर को दीपों से सजाकर दीपों की रोशनी से जगमगाया गया।कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें रंगोली […]

You May Like