मुंबई, 03 नवंबर (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया मंगलवार को नौ पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 94.75 रुपये का बोला गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा सात पैसे टूटकर 94.84 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी।
रुपये की शुरुआत आज 16 पैसे की बढ़त में 94.68 रुपये प्रति डॉलर पर हुई। बीच कारोबार में इसमें उतार-चढ़ाव देखा गया। यह ऊपर 94.61 रुपये और नीचे 94.88 रुपये प्रति डॉलर तक गया। अंत में 94.75 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
भारतीय मुद्रा को एक तरफ कमजोर कच्चे तेल का समर्थन मिला तो दूसरी तरफ मजबूत डॉलर के दबाव का समाना करना पड़ा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा फिलहाल एक प्रतिशत टूटकर 103.75 डॉलर प्रति बैरल के आसपास है।
वहीं, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक के 0.1 फीसदी मजबूत होने से भारतीय मुद्रा पर दबाव रहा। दूसरी तरफ, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के भारतीय पूंजी बाजार में पैसा लगाने से रुपये को समर्थन मिला। एफपीआई ने आज 42.27 करोड़ डॉलर की शुद्ध लिवाली की।
