होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान ने दो अमेरिकी ड्रोन को मार गिराने का किया दावा

तेहरान, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट दक्षिणी प्रांत होर्मोजगान के बंदर खमीर के ऊपर अमेरिका के दो ड्रोन मार गिराने का दावा किया है।

ईरानी समाचार एजेंसी फार्स के अनुसार, आईआरजीसी के होर्मोजगान जनसंपर्क कार्यालय के बयान का हवाला देते हुए मंगलवार को बताया गया कि इमाम सज्जाद कोर की वायु रक्षा इकाइयों ने अमेरिका के दो लुकास (एलयूसीएएस) एकतरफा हमलावर ड्रोनों का पता लगाकर उन्हें समय रहते नष्ट कर दिया।

ईरान के इस दावे पर अमेरिका की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

यह घटना 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ शुरू हुए अमेरिका-इजरायल युद्ध के बाद ईरान और अमेरिका के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच हुई है। युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिकी सेना ने ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए कई हमले किए हैं। इनमें वायु रक्षा प्रणालियों और अन्य रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया गया है।

आईआरजीसी ईरान की नियमित सेना के समानांतर अपनी थल सेना, नौसेना और एयरोस्पेस इकाइयों का संचालन करता है। उसने अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब में ईरान की सैन्य कार्रवाई में प्रमुख भूमिका निभाई है। ईरानी बलों ने दक्षिणी ईरान में, विशेषकर होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास, अपनी वायु रक्षा गतिविधियां तेज कर दी हैं। इस क्षेत्र में तेहरान ने समुद्री यातायात पर अपना नियंत्रण भी कड़ा किया है।

इससे पहले सोमवार को अमेरिकी बलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट ईरान के क़ेश्म द्वीप पर हमले किए थे। रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों ने इन हमलों में सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली को निशाना बनाए जाने की बात कही थी। बताया गया कि ईरानी बलों ने इससे पहले एक अमेरिकी सैन्य विमान को निशाना बनाने का प्रयास किया था।

Next Post

भीषण आग से मची तबाही, घर का लाखों का सामान जलकर राख

Tue Nov 3 , 2026
शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक मकान में शाम को अचानक भीषण आग लग गई। दरअसल आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते घर के अंदर रखा टीवी, कूलर, फ्रिज और सिलाई के लिए आई जैकेट समेत सारा सामान जलकर पूरी तरह से राख […]

You May Like