मुंबई, (वार्ता) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस छह नवंबर को एन एम जोशी मार्ग-लोअर परेल बीडीड़ी चॉल पुनर्विकास परियोजना के पहले चरण के तहत पात्र निवासियों को पुनर्वास के लिए 557 फ्लैट सौंपेंगे।
यह समारोह नरीमन पॉइंट स्थित यशवंतराव चव्हाण सेंटर में दोपहर 12 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें उपमुख्यमंत्री एवं आवास मंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार मौजूद रहेंगी।
एमएचएडीए की विज्ञप्ति के अनुसार एन एम जोशी मार्ग-लोअर प्रोजेक्ट 13.49 एकड़ में फैला हुआ है। इसमें मूल रूप से 32 चालें थीं, जिनमें 2,560 आवासीय और गैर-आवासीय लोग 160 वर्ग फुट के कमरों में रहते थे।
पात्र निवासियों को अब मालिकाना हक के साथ 500 वर्ग फुट कार्पेट एरिया वाले 2बीएचके फ्लैट मुफ्त में मिलेंगे। बीडीडी चॉल के इस महत्वाकांक्षी पुनर्विकास कार्य को ‘मुंबई हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट बोर्ड’ द्वारा लागू किया जा रहा है। पहले चरण में सात विंग और एक अस्पताल की इमारत शामिल है। इनमें से 557 फ्लैटों वाली तीन विंग हैंडओवर के लिए तैयार हैं। बाकी चार विंग में 684 फ्लैटों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और फरवरी 2027 तक पूरा हो जाएगा।
इस प्रोजेक्ट में आधुनिक सुविधाएं, भूकंप-रोधी ढांचे, लिफ्ट, सीसीटीवी, तीन-स्तरीय बेसमेंट पार्किंग और MHADA द्वारा कॉमन सुविधाओं का 12 साल तक का रखरखाव शामिल है। दूसरे चरण में 15 चालों के 1,200 निवासी शामिल हैं, जिनकी पात्रता अंतिम रूप से तय कर दी गई है। अगस्त 2026 से 11 महीनों के लिए 30,000 रुपये प्रति माह का ट्रांजिट किराया दिया गया है।
कुल मिलाकर, बीडीडी चॉल पुनर्विकास परियोजना में वर्ली, एनएम जोशी मार्ग-लोअर परेल और नायगांव में 86 एकड़ क्षेत्र में फैली 195 चॉलें शामिल हैं, जिससे 15,593 निवासियों को लाभ मिल रहा है। अब तक, वर्ली में 1,975 फ्लैट और नायगांव में 1,401 फ्लैट सौंपे जा चुके हैं।
छह नवंबर की कार्यक्रम एमएचएडीए के आधिकारिक यूट्यूब और फेसबुक पर लाइवस्ट्रीम किया जाएगा और लाभार्थियों के लिए प्रोजेक्ट साइट पर एलईडी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा।
